सफाई कर्मियों की हड़ताल नहीं थमी, अब आंदोलन होगा और तेज
चंडीगढ़, 22 अगस्त।
सफाई और फायर कर्मचारियों की हड़ताल खत्म कराने के लिए सरकार और कर्मचारी संगठनों के बीच हुई दो दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। वार्ता में कोई ठोस सहमति नहीं बनने के बाद कर्मचारियों ने हड़ताल जारी रखने का ऐलान किया है। अब आंदोलन को चरणबद्ध तरीके से और व्यापक करने की तैयारी है। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा और हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के प्रतिनिधिमंडल की कुरुक्षेत्र जिमखाना क्लब में मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव अरुण कुमार गुप्ता, शहरी स्थानीय निकाय विभाग के अधिकारियों और अग्निशमन सेवाओं के महानिदेशक शेखर विद्यार्थी के साथ बातचीत हुई। दोनों दौर की वार्ता के बाद भी मांगों पर सहमति नहीं बन सकी। संघ के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री ने कहा कि कर्मचारियों की हड़ताल जारी रहेगी। उन्होंने सरकार पर कर्मचारियों की मांगों के प्रति गंभीरता नहीं दिखाने का आरोप लगाया।
23 अगस्त को जन पंचायत, 26 को जिला मुख्यालयों पर प्रदर्शन
शास्त्री ने बताया कि 23 अगस्त को प्रदेशभर के धरना स्थलों पर जन पंचायतें आयोजित की जाएंगी। इनमें सामाजिक, धार्मिक, दलित, कर्मचारी और मजदूर संगठनों के साथ आम लोगों को भी जोड़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार के पास 24 अगस्त तक समाधान का अवसर है। यदि इस अवधि में ठोस फैसला नहीं हुआ तो आंदोलन को आगे बढ़ाने की रणनीति तय की जाएगी। इसके बाद 26 अगस्त को सभी जिला मुख्यालयों पर उपायुक्त कार्यालयों के सामने प्रदर्शन किए जाएंगे। सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा की ओर से उपायुक्तों के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपे जाएंगे।
1 से 3 सितंबर तक फरीदाबाद में पड़ाव
आंदोलन की अगली कड़ी में 1 से 3 सितंबर तक शहरी स्थानीय निकाय मंत्री विपुल गोयल के फरीदाबाद स्थित आवास पर पड़ाव डालने का ऐलान किया गया है। इसके बाद मुख्यमंत्री आवास के घेराव की रणनीति घोषित करने की बात कही गई है। संघ नेताओं ने कहा कि आंदोलन शांतिपूर्ण और लोकतांत्रिक तरीके से जारी रहेगा। उनकी मांग है कि कर्मचारियों से किए गए पूर्व समझौतों को लागू किया जाए तथा सफाई और सीवर कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाए। दो दौर की बातचीत के बाद भी यदि कूड़ा उठाने वाले हाथों और सरकार के बीच सहमति नहीं बन पाई, तो अब अगली परीक्षा बातचीत की नहीं, सरकार की राजनीतिक इच्छाशक्ति की है।
14 में से 13 मांगों पर सहमति, नियमित करने पर पेच
कैबिनेट मंत्री कृष्ण बेदी ने बैठक के बाद कहा कि यूनियन की 14 मांगों में से 13 पर सहमति बन गई है। सबसे बड़ा गतिरोध सफाई कर्मचारियों को पक्का करने की मांग को लेकर है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट के फैसलों के साथ कानूनी प्रावधानों को ध्यान में रखना जरूरी है। मंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री फिलहाल बाहर हैं। उनके लौटने के बाद यूनियन के साथ दोबारा बातचीत की जाएगी। सरकार बातचीत के जरिए विवाद का समाधान निकालना चाहती है।
Sirsa, Sirsa | Aug 22, 2026