मणिमहेश यात्रा के सफल आयोजन और श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए ब्राह्मणी माता मंदिर में हवन-यज्ञ
भरमौर, 20 अगस्त।
श्री मणिमहेश न्यास, भरमौर के समस्त सरकारी एवं गैर-सरकारी सदस्यों ने वीरवार को माता ब्राह्मणी मंदिर में विधिवत हवन एवं यज्ञ का आयोजन किया। इस दौरान न्यास से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने मणिमहेश यात्रा के सफल, सुरक्षित एवं सुचारू आयोजन के लिए प्रार्थना की।
हवन-यज्ञ के दौरान मणिमहेश यात्रा में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुखद एवं सुरक्षित यात्रा की कामना की गई। साथ ही यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और यात्रा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो, इसके लिए माता ब्राह्मणी से आशीर्वाद मांगा गया।
श्री मणिमहेश न्यास के सदस्यों ने कहा कि मणिमहेश यात्रा भरमौर की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यात्रा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन, न्यास, विभिन्न विभागों तथा स्थानीय लोगों द्वारा तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।