अवैध बालू बिक्री की शिकायत पर स्टॉक यार्ड का निरीक्षण, CCTV नहीं मिलने पर लाइसेंसधारी को नोटिस
लखीसराय। अवैध रूप से बालू बिक्री किए जाने की शिकायत पर जिला पदाधिकारी के निर्देश पर चानन थाना क्षेत्र के मौजा गोपालपुर स्थित प्रमोद तांती के बालू स्टॉक यार्ड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान स्टॉक यार्ड में CCTV कैमरा स्थापित नहीं पाया गया।
इस मामले में लाइसेंसधारी प्रमोद तांती को नोटिस जारी कर सात दिनों के भीतर स्पष्टीकरण देने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित अवधि बीत जाने के बाद भी स्पष्टीकरण नहीं देने पर जिला पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में संबंधित ID को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया गया है।
प्रशासन द्वारा अब स्टॉक यार्ड में उपलब्ध बालू की वास्तविक मात्रा का ड्रोन के माध्यम से भौतिक सत्यापन एवं मापी कराई जाएगी। ड्रोन सर्वेक्षण की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, बालू के अवैध भंडारण एवं बिक्री तथा नियमों के उल्लंघन के मामलों में लगातार निगरानी की जा रही है। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।