बछवाड़ा प्रखंड क्षेत्र के गोधना पंचायत स्थित उत्क्रमित मध्य विद्यालय, दरगहपुर ठाकुरवाड़ी, में 'एक पेड़ मां के नाम' पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान में यूथ एंड इको क्लब के बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिक्षक आनंद त्रिवेदी ने पौधारोपण के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने बताया कि पेड़ पर्यावरण, स्वास्थ्य और जीवन के अस्तित्व के लिए आवश्यक हैं। ये ऑक्सीजन प्रदान करने के साथ-साथ तापमान नियंत्रण, प्रदूषण कम करने और मिट्टी का कटाव रोकने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पेड़ बादलों को आकर्षित कर वर्षा में सहायक होते हैं, जिससे भूजल स्तर बढ़ता है।
त्रिवेदी ने यह भी बताया कि जुलाई का महीना पौधारोपण के लिए सबसे उपयुक्त होता है, क्योंकि मानसून के कारण मिट्टी में पर्याप्त नमी होती है, जिससे पौधों की जड़ें तेजी से विकसित होती हैं। उन्होंने यूथ एंड इको क्लब के उद्देश्यों के बारे में जानकारी दी। क्लब के बच्चे ऊर्जा की खपत, जल संरक्षण, एकल उपयोग प्लास्टिक, कचरा प्रबंधन, स्वस्थ जीवन शैली और जैव विविधता को बढ़ावा देते हैं, और इन गतिविधियों के माध्यम से समाज को जागरूक करते हैं।
भारत सरकार भी पौधारोपण को बढ़ावा देने के लिए 'एक पेड़ मां के नाम' और 'जल-जीवन-हरियाली' जैसी कई योजनाएं चला रही है। इस अवसर पर प्रधानाध्यापक मुरारी कुमार यादव, शिक्षक प्रवीण कुमार सिंह, शिक्षिका रागिनी कुमारी, खुशबु कुमारी, सविता कुमारी, यूथ एंड इको क्लब के पर्यावरण मंत्री प्रिंस कुमार, जल मंत्री प्रियांशी कुमारी, सदस्य द्रौपदी कुमारी, दिशा कुमारी, सोनाली कुमारी, सिंधु कुमारी, शुभम, अंकुश, सहित अन्य छात्र-छात्राएं और अभिभावकगण उपस्थित रहे।