केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बछवाड़ा में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार शाम विजय जुलूस निकाला। यह जुलूस रानी एक पंचायत के नारेपुर बाजार स्थित आर्मी हेल्थ क्लब बछवाड़ा से शुरू हुआ।
जहां दर्जनों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेपुर बाजार होते हुए बैंक बाजार स्थित शहीद पार्क तक मार्च किया। यहां कार्यकर्ताओं ने महात्मा गांधी और सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया।
जुलूस के दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और अपनी खुशी व्यक्त की।
वरिष्ठ कांग्रेस कार्यकर्ता शशि शेखर राय, प्रखंड अध्यक्ष सुदर्शन कुमार, पूर्व प्रखंड अध्यक्ष संजय चौधरी, डॉ. के.के. राय, जिला महामंत्री गोपाल राय और पूर्व सरपंच सुरेश राय सहित अन्य नेताओं ने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे से देशभर के करोड़ों छात्रों और युवाओं के संघर्ष को महत्वपूर्ण सफलता मिली है।
उन्होंने बताया कि यह जीत उन लाखों छात्रों की है, जिन्होंने परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता, पेपर लीक के खिलाफ कार्रवाई और शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाई थी।
नेताओं ने यह भी कहा कि यह विजय मार्च देश के छात्रों और युवाओं के अदम्य साहस और नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के निरंतर संघर्ष को समर्पित है, जिन्होंने छात्रों के मुद्दों को संसद से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया।
कांग्रेस कमेटी का मानना है कि यह जीत अभी अधूरी है। उनका कहना है कि केवल इस्तीफा पर्याप्त नहीं है, बल्कि शिक्षा व्यवस्था में व्यापक सुधार और जवाबदेही तय होना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि यह तो सिर्फ झांकी है, अभी देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा बाकी है।
जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए अंचलाधिकारी प्रीतम गौतम, पंचायती राज पदाधिकारी विश्वनाथ कुमार, थानाध्यक्ष परेंन्द्र कुमार सहित पुलिस बल तैनात थे।
इस दौरान कांग्रेस नेता रणधीर यादव, राजेंद्र राय, बैधनाथ राय, चंदन कुमार, शिवनारायण साह, चंद्रमणि कुमार, विकास कुमार झा, कृष्ण झा, अमित कुमार, बबलू कुमार चौधरी, मो. इरशाद और पूर्व मुखिया सीताराम यादव सहित कई अन्य कार्यकर्ता मौजूद थे।