मुहर्रम पर्व के अवसर पर आज सासाराम शहर में सभी ताजिया निर्धारित मार्ग से बस्ती मोड़ होते हुए पहलाम स्थल की ओर शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में प्रस्थान किए। पूरे जुलूस के दौरान जिला प्रशासन एवं पुलिस पूरी तरह सतर्क एवं सक्रिय रहा तथा सुरक्षा व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
ताजिया जुलूस की निगरानी जिला पदाधिकारी, रोहतास श्री दीपक कुमार मिश्र एवं पुलिस अधीक्षक, रोहतास श्री रौशन कुमार द्वारा लगातार की जाती रही। दोनों वरीय अधिकारियों ने कंट्रोल रूम एवं विभिन्न मार्गों का निरीक्षण करते हुए सुरक्षा व्यवस्था पर लगातार नजर बनाए रखी और प्रतिनियुक्त अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते रहे।
अनुमंडल पदाधिकारी, सासाराम, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, सासाराम तथा संबंधित थानाध्यक्ष भी लगातार क्षेत्र का भ्रमण करते रहे। जुलूस मार्ग के संवेदनशील एवं चिन्हित स्थलों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों के साथ पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की गई थी, जिससे विधि-व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में रही।
प्रशासन द्वारा यातायात, भीड़ प्रबंधन तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों एवं कंट्रोल रूम के माध्यम से जुलूस की सतत निगरानी की गई। प्रशासन की सतर्कता तथा आमजन एवं ताजिया समितियों के सहयोग से मुहर्रम का पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ।
जिला प्रशासन ने सभी ताजिया समितियों, मरकजी मुहर्रम कमिटी, स्वयंसेवकों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामाजिक सौहार्द एवं आपसी भाईचारे की भावना से ही जिले में पर्व-त्योहार शांतिपूर्वक संपन्न हुआ।
#iprd
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
Patna, Bihar | Jun 28, 2026