Public App Logo
जिलाधिकारी श्री पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक श्री अरुण कुमार सिंह द्वारा संभू पेट्रोल पंप से पटेल तिराहा तक सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का स्थलीय निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संभू पेट्रोल पंप के निकट स्थित विद्युत पोलों को अन्यत्र शिफ्ट किए जाने हेतु विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि उक्त स्थल पर पूर्व में कूड़ा डंपिंग के लिए उपयोग की जाने वाली भूमि को नगर पालिका द्वारा साफ कराकर कूड़ाघर को समाप्त कराया गया है। अब इस स्थल पर इंटरलॉकिंग एवं सौंदर्यीकरण का कार्य कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं। जिलाधिकारी ने बताया कि सड़क चौड़ीकरण का कार्य साडा के माध्यम से कराया जा रहा है। पटेल तिराहा से धनुष चौराहा तक किए जा रहे सड़क चौड़ीकरण एवं सौंदर्यीकरण की तर्ज पर संभू पेट्रोल पंप से पटेल तिराहा तक भी सड़क का चौड़ीकरण कर मध्य में डिवाइडर, दोनों ओर नाला एवं फुटपाथ का निर्माण कराया जाएगा। साथ ही, मार्ग के किनारे व्यापक स्तर पर पौधरोपण कर क्षेत्र का सौंदर्यीकरण किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रस्तावित कार्यों के लिए शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूर्ण कराते हुए निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर प्रारंभ कराया जाए तथा कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाए। - Manikpur News