मणिमहेश यात्रा पर निकले दो युवकों की दर्दनाक मौ#त
दुनाली–गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के पास हादसा, करीब 200 मीटर गहरी खाई में गिरी मोटरसाइकिल
चंबा 13 सितम्बर
मणिमहेश यात्रा की आस्था लेकर निकले दो युवकों का सफर मंजिल तक पहुंचने से पहले ही दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। पठानकोट-भरमौर नेशनल हाईवे पर दुनाली और गैहरा के बीच हनुमान मंदिर के समीप देर रात एक मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में बाइक सवार दोनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही गैहरा पुलिस चौकी की टीम और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे। रात के अंधेरे और गहरी खाई के बीच रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से बाहर निकाला गया और आवश्यक कार्रवाई के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा पहुंचाया गया।
जानकारी के अनुसार हादसा देर रात करीब आठ बजे के बाद हुआ। दोनों युवक मोटरसाइकिल नंबर PB-35U-2347 पर सवार होकर मणिमहेश यात्रा के लिए जा रहे थे। इसी दौरान हनुमान मंदिर के पास मोटरसाइकिल अचानक अनियंत्रित हो गई और देखते ही देखते गहरी खाई में जा गिरी।
मृतकों की पहचान ज्योति निवासी पठानकोट और अनिल कुमार पुत्र हरबंस निवासी पंगोली, पठानकोट के रूप में हुई है।
हादसे के बाद घटनास्थल पर रात के अंधेरे में पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन बेहद चुनौतीपूर्ण रहा। करीब 200 मीटर गहरी खाई में उतरकर दोनों शवों को बाहर निकाला गया।
फिलहाल पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। मोटरसाइकिल किस वजह से अनियंत्रित हुई, इसका पता जांच के बाद ही चल पाएगा। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे।
हादसे की खबर से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
मणिमहेश की आस्था के सफर पर निकले दो परिवारों के चिराग रास्ते में ही बुझ गए।
Chamba, Chamba | Sep 13, 2026