*नकली दवाओं के विरुद्ध औषधि नियंत्रण विभाग, सवाई माधोपुर की बड़ी कार्रवाई*
*सवाई माधोपुर में करीब 2 लाख रुपये मूल्य की नकली Rabitra DSR दवा का स्टॉक जब्त*
*सवाई माधोपुर,21 नवंबर।* आमजन के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा के प्रति प्रतिबद्धता दर्शाते हुए औषधि नियंत्रण विभाग, सवाई माधोपुर द्वारा नकली औषधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत एक महत्वपूर्ण कार्रवाई की गई है। विभाग की टीम ने शहर के राजबाग क्षेत्र स्थित मैसर्स एस.बी. एसोसिएट से करीब 2 लाख रुपये बाजार मूल्य की नकली औषधि Rabitra DSR (Rabeprazole एवं Domperidone) का भारी मात्रा में स्टॉक बरामद कर जब्त किया है।
सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने बताया कि औषधि नियंत्रण अधिकारी सिंधु शर्मा द्वारा पूर्व में चलाए गए निरीक्षण एवं जांच अभियान के दौरान उक्त औषधि का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु भेजा गया था। प्रयोगशाला जांच रिपोर्ट में नमूना नकली (Spurious) पाए जाने के उपरांत विभाग द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित फर्म पर छापा मारकर उपलब्ध स्टॉक को जब्त किया गया।
प्रारंभिक जांच में उक्त औषधि की मार्केटिंग फर्म Astrica Biomedics Pvt. Ltd., अहमदाबाद तथा निर्माता फर्म Zenon Lifesciences Pvt. Ltd., अहमदाबाद का नाम सामने आया है। प्रकरण में संबंधित औषधि के स्रोत एवं आपूर्ति श्रृंखला की जांच की जा रही है, ताकि नकली औषधि के नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
जब्त की गई नकली औषधि को अग्रिम वैधानिक कार्रवाई हेतु माननीय न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। विभाग द्वारा प्रकरण में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।
सहायक औषधि नियंत्रक चंद्र प्रकाश जाटव ने आमजन को आश्वस्त किया कि औषधि नियंत्रण विभाग नकली एवं अवैध औषधियों के कारोबार के विरुद्ध पूरी गंभीरता से कार्य कर रहा है। आमजन के जीवन एवं स्वास्थ्य से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति अथवा संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा।
विभाग ने आमजन एवं दवा विक्रेताओं से अपील की है कि औषधियों की खरीद केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी स्रोतों से ही करें तथा किसी भी संदिग्ध औषधि अथवा अनियमितता की सूचना तत्काल औषधि नियंत्रण विभाग को दें।