कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में समय-सीमा एवं अंतर्विभागीय समन्वय की बैठक संपन्न
---
9 से 17 अगस्त तक चलेगा हर घर तिरंगा अभियान अंतर्गत आयोजित की जाएगी विभिन्न गतिविधियां
बड़वानी 11 अगस्त 2026/कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मंगलवार को समय-सीमा सह अंतर्विभागीय समन्वय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और आगामी अभियानों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक में कलेक्टर श्रीमती सिंह ने बताया कि जिले में 9 से 17 अगस्त तक हर घर तिरंगा अभियान का आयोजन जन सहभागिता के साथ किया जाएगा। इस वर्ष राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम के 150 वर्ष पूर्ण होने के उत्सव को भी इस अभियान के साथ जोड़ा जा रहा है। अभियान के तहत जिले में तिरंगा थीम पर आधारित बाइक/साइकिल रैली, तिरंगा यात्रा एवं विभिन्न देशभक्ति कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। सभी नागरिकों को प्रेरित करे कि वे तिरंगे के साथ अपनी सेल्फी हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड कर इस अभियान को एक बड़ा जनआंदोलन बनाएं।
मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत 14 अगस्त को निवाली तहसील के दो क्लस्टर बड़गाँव एवं वझर में आयोजित किया जाएगा। इसके साथ ही जिला स्तर पर माननीय मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय समाधान समीक्षा बैठक आयोजित होगी। अभियान के अंतर्गत शिक्षण संस्थानों में निरीक्षण एवं संवाद कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा, जिसकी तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा के दौरान एएनसी पंजीयन में अपेक्षाकृत प्रगति न पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। लापरवाही बरतने पर बीएमओ सेंधवा व पाटी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। इसके अतिरिक्त दस्तक अभियान, डायरिया नियंत्रण, एनसीडी प्रोग्राम एवं टीबी स्क्रीनिंग की समीक्षा करते हुए प्रति सीएचओ वार लक्ष्य निर्धारित कर कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के तहत छूटे हुए हितग्राहियों को लाभ दिलाने के लिए दैनिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। मुख्यमंत्री बाल आरोग्य कार्यक्रम के तहत डिस्चार्ज होकर सामान्य श्रेणी में आए बच्चों के स्वास्थ्य का फॉलो-अप लिया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री बाल हृदय योजना एवं आरबीएसके के तहत किए गए निरीक्षणों की समीक्षा कर स्वास्थ्य व महिला बाल विकास विभाग को प्रगति लाने के निर्देश दिए।
विद्यार्थियों के नामांकन एवं अपार आईडी निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही एकलव्य विद्यालयों में नीट एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराने तथा हॉस्टलों में स्पोर्ट्स गतिविधियां शुरू करने के निर्देश दिए गए।
पीएम-एफएमई योजना के तहत फॉर्मलाइजेशन अचीवमेंट बढ़ाने तथा लीड बैंक मैनेजर से प्राप्त आवेदनों के डिस्पर्समेंट की समीक्षा की गई। जिला खाद्य आपूर्ति अधिकारी को नई पात्रता पर्ची पर खाद्यान्न वितरण और जनजातीय कार्य विभाग अधिकारी को सार्थक ऐप पर उपस्थिति के संबंध में डार्क जोन संबंधी समस्याओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्रीमती काजल जावला, सहायक कलेक्टर श्री माधव अग्रवाल, अपर कलेक्टर श्रीमती हेमलता सोलंकी, संयुक्त कलेक्टर श्री रवि वर्मा सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।