हिम दृष्टि न्यूज़ | चंबा | 8 जून 2026
पंचायत चुनाव में अनियमितताओं के आरोप, प्रत्याशी ने उपायुक्त को सौंपी शिकायत
चंबा जिले के भटियात उपमंडल की ग्राम पंचायत चुहण के वार्ड नंबर 5 मोहणू से पंचायत चुनाव में उम्मीदवार रही रीना देवी ने जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त चंबा को शिकायत पत्र सौंपकर मतदान और मतगणना प्रक्रिया में अनियमितताओं के गंभीर आरोप लगाए हैं।
शिकायत के अनुसार मतदान केंद्र पर तैनात प्रिजाइडिंग ऑफिसर की भूमिका संदेहास्पद रही तथा चुनाव प्रक्रिया के दौरान उनके साथ पक्षपातपूर्ण और दबावपूर्ण व्यवहार किया गया। रीना देवी ने आरोप लगाया कि मतगणना के दौरान मतदान केंद्र के भीतर कुछ व्यक्तियों का आना-जाना जारी रहा और चुनाव नियमों का समान रूप से पालन नहीं किया गया।
शिकायत में कहा गया है कि मतगणना के दौरान उनके पोलिंग एजेंट द्वारा कुल मतों की जानकारी मांगी गई तो प्रिजाइडिंग ऑफिसर ने बताया कि अभी कुछ मतों की गिनती बाकी है। बाद में घोषित परिणाम में रीना देवी को 172 तथा प्रतिद्वंद्वी उम्मीदवार सीमा देवी को 174 मत मिलने की जानकारी दी गई, जिससे वह मात्र दो मतों से चुनाव हार गईं।
रीना देवी का आरोप है कि उन्होंने पुनर्मतगणना (री-काउंटिंग) तथा मतों के निशान देखने की मांग की, लेकिन उनकी मांग पर उचित ध्यान नहीं दिया गया। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि दूसरी उम्मीदवार के एजेंट और समर्थकों को अधिक छूट दी गई, जबकि उनके एजेंट को बार-बार रोका गया और दबाव में रखा गया।
शिकायतकर्ता ने जिला प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच करवाने, मतगणना प्रक्रिया की समीक्षा करने तथा संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका की जांच करने की मांग की है।
रीना देवी ने कहा है कि उन्हें न्यायपूर्ण जांच की उम्मीद है और चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए आवश्यक कार्रवाई की जानी चाहिए।
#chamba #post #highlight #himachalpradesh
Chamba, Chamba | Jun 8, 2026