"महंगाई और पेपर लीक के खिलाफ कांग्रेस का हुंकार, गया में विशाल प्रदर्शन कर राष्ट्रपति के नाम सौंपा ज्ञापन"
भाजपा भगाओ, देश बचाओ के नारों से गूंजा गया”
“धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग, कांग्रेस ने दी आंदोलन की चेतावनी”
“महंगाई ने तोड़ी कमर, पेपर लीक ने छीना युवाओं का भविष्य : रजनीश कुमार झुना”
गया। बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और लगातार हो रहे पेपर लीक मामलों के विरोध में शनिवार को कांग्रेस पार्टी ने गया में जोरदार प्रदर्शन किया। राजेंद्र आश्रम स्थित कांग्रेस कार्यालय से जिलाधिकारी कार्यालय तक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार झुना के नेतृत्व में विशाल विरोध मार्च निकाला। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने भाग लिया तथा केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने “भाजपा भगाओ, देश बचाओ”, “महंगाई पर लगाम लगाओ” और “छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ बंद करो” जैसे नारे लगाए। जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचकर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा और विभिन्न जनसमस्याओं पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस के जिला अध्यक्ष रजनीश कुमार झुना ने केंद्र सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि देश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे आम जनता का जीवन कठिन हो गया है। खाद्य पदार्थों, गैस सिलेंडर, पेट्रोल-डीजल तथा दैनिक उपयोग की वस्तुओं की कीमतों में लगातार वृद्धि से गरीब और मध्यम वर्ग सबसे अधिक प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने कहा कि दूसरी ओर बेरोजगारी की समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। लाखों युवा रोजगार की तलाश में भटक रहे हैं, लेकिन सरकार उनके लिए कोई ठोस व्यवस्था नहीं कर पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रश्नपत्र बार-बार लीक हो रहे हैं, जिससे छात्रों का भविष्य अंधकारमय हो रहा है।
रजनीश कुमार झुना ने कहा कि पेपर लीक की घटनाओं ने देश के युवाओं का विश्वास तोड़ा है। छात्र वर्षों तक मेहनत करते हैं, लेकिन परीक्षा से पहले ही प्रश्नपत्र लीक होने से उनकी मेहनत पर पानी फिर जाता है। उन्होंने कहा कि यह केवल प्रशासनिक विफलता नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों के साथ खिलवाड़ है। उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि इस मामले में जवाबदेही तय होनी चाहिए।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बढ़ती महंगाई और बेरोजगारी के कारण आम लोगों का जीवन संकट में है। सरकार को जनता की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देना चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार ने महंगाई, बेरोजगारी और पेपर लीक जैसे मुद्दों पर जल्द ठोस कदम नहीं उठाए, तो कांग्रेस पूरे बिहार में व्यापक जनआंदोलन चलाएगी।
प्रदर्शन के अंत में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जनता के हितों की लड़ाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि उनकी मांगों पर विचार नहीं किया गया तो आने वाले दिनों में राज्यभर में सड़क पर उतरकर चक्का जाम और बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।
#गयाजी
#viralvideoシ
#gayajidham
#Congress
#biharpoltices
#BJPGovernment