साच-पास पर बर्फबारी के बाद आवाजाही बंद, पर्यटकों को जाने से बचने की सलाह : ADC अमित मेहरा
आगामी आदेशों तक साच-पास की ओर न करें रुख, बर्फ और जमे हुए पानी के कारण बढ़ा हादसों का खतरा
चंबा। जिला चंबा के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल साच-पास में हाल ही में हुई बर्फबारी के चलते चंबा-पांगी साच-पास मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी गई है। इसके बावजूद कुछ पर्यटक बर्फबारी का आनंद लेने के लिए साच-पास जोत की ओर रुख कर रहे हैं, जो उनकी सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है।
अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी (ADC) चंबा अमित मेहरा ने पर्यटकों से अपील की है कि वे आगामी आदेशों तक साच-पास की ओर जाने से परहेज करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि ताजा बर्फबारी के बाद मार्ग पर कई स्थानों पर पानी जम चुका है, जिससे फिसलन और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है।
विशेष रूप से साच-पास जोत तक पहुंचने का प्रयास भी जोखिम भरा हो सकता है। ऐसे में पर्यटक बर्फबारी देखने या उसका आनंद लेने के लिए अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें।
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि मौसम और सड़क की स्थिति सामान्य होने तथा प्रशासन की ओर से अनुमति मिलने तक साच-पास की यात्रा न करें।
Tribal Live News की अपील: बर्फबारी का आनंद सुरक्षित स्थानों से लें। रोमांच के चक्कर में अपनी जिंदगी जोखिम में न डालें। प्रशासन के आदेशों का पालन करें।
Chamba, Chamba | Nov 22, 2026