सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर शेखपुरा जदयू कार्यालय में मना दीपोत्सव, दीप जलाकर विकास और सुशासन का लिया संकल्प।
सुशासन दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार को शेखपुरा स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के जिला कार्यालय में उत्साह और उमंग के साथ दीपोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जदयू के कई नेता एवं पार्टी कार्यकर्ता शामिल हुए। सभी ने दीप जलाकर सुशासन, विकास और समृद्ध बिहार के संकल्प को दोहराया।
इस मौके पर जदयू नेता सुनील कुमार और राहुल कुमार ने कहा कि यह दीपोत्सव केवल दीपों का पर्व नहीं, बल्कि बिहार में ऐतिहासिक परिवर्तन और विकास की यात्रा का प्रतीक है। इसकी शुरुआत 24 नवंबर 2005 को पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में हुई थी। उस दिन बिहार ने कुशासन के अंधकार से निकलकर सुशासन, विकास और नई उम्मीदों की रोशनी की ओर कदम बढ़ाया था।
उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने बिहार में विकास और सुशासन की जो मजबूत नींव रखी, उसी के आधार पर आज राज्य प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक न्याय के क्षेत्र में हुए बदलाव बिहार की विकास यात्रा को दर्शाते हैं।
नेताओं ने कहा कि इस अवसर पर पूरे प्रदेश में पार्टी कार्यकर्ताओं द्वारा उत्साहपूर्वक दीपोत्सव मनाया जा रहा है। दीपों की रोशनी के माध्यम से सुशासन के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और विकास की इस यात्रा को निरंतर आगे बढ़ाने का संदेश दिया जा रहा है।