सांसद अरुण भारती का शेखपुरा में भव्य स्वागत, खुशबू कुमारी के हौसले को किया सलाम।
पटना से जमुई जाने के क्रम में रविवार को जमुई के सांसद अरुण भारती शेखपुरा पहुंचे। इस दौरान शेखपुरा बायपास रोड स्थित लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के जिला कार्यालय के समीप पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया। लोजपा (रामविलास) के जिलाध्यक्ष सह सांसद प्रतिनिधि ईमाम गजाली के नेतृत्व में बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से सांसद का अभिनंदन किया।
इस दौरान जिलाध्यक्ष ईमाम गजाली ने सबसे पहले सांसद अरुण भारती को उनके विदेश दौरे से लौटने पर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। स्वागत कार्यक्रम के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं में काफी उत्साह देखने को मिला।
पत्रकारों से बातचीत करते हुए सांसद अरुण भारती ने शेखपुरा विधानसभा क्षेत्र के चेवाड़ा गांव की रहने वाली खुशबू कुमारी के साहसिक संकल्प की सराहना की। उन्होंने कहा कि खुशबू कुमारी वीर सैनिकों के सम्मान में चेवाड़ा से लद्दाख स्थित कारगिल वॉर मेमोरियल तक लगभग 2800 किलोमीटर की दूरी दौड़कर तय करने का संकल्प लेकर निकली हैं। उनका यह प्रयास देश के वीर जवानों के प्रति सम्मान और समर्पण का प्रतीक है।
सांसद ने कहा कि खुशबू कुमारी के हौसले और जज्बे को वह सलाम करते हैं। इतनी लंबी दूरी दौड़कर तय करने का संकल्प अपने आप में बेहद सराहनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस साहसिक अभियान में खुशबू को हरसंभव सहयोग और मदद प्रदान की जाएगी।
इस मौके पर ईमाम गजाली, विजय पासवान, महेश पासवान, दानी पासवान, गब्बर पासवान, राधे यादव, उदय यादव सहित लोजपा (रामविलास) के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।