प्रधान को बदनाम करने के आरोपों को लेकर एसडीएम चम्बा को शिकायत, कार्रवाई की मांग
हिम दृष्टि न्यूज़ | चम्बा
चम्बा: ग्राम पंचायत कुरेना की प्रधान को लेकर सोशल मीडिया पर कथित रूप से भ्रामक एवं आपत्तिजनक प्रचार किए जाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में जिला चम्बा प्रशासन को लिखित शिकायत देकर संबंधित व्यक्ति के खिलाफ उचित कार्रवाई करने की मांग की गई है।
शिकायत में कहा गया है कि रमेश कुमार द्वारा पंचायत की प्रधान को बदनाम करने के उद्देश्य से सोशल मीडिया पर विभिन्न प्रकार की बातें प्रचारित की जा रही हैं। शिकायतकर्ता का आरोप है कि पिछले वर्ष भी प्रधान के खिलाफ झूठे आरोप लगाकर उन्हें निलंबित करवाने का प्रयास किया गया था। इसके बाद 30 मई 2026 को दोबारा चुनाव जीतकर प्रधान निर्वाचित हुईं।
शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि प्रधान के दोबारा निर्वाचित होने के बाद भी सोशल मीडिया के माध्यम से पंचायत के विकास कार्यों को लेकर गलत प्रचार किया जा रहा है तथा प्रधान की छवि को नुकसान पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। शिकायतकर्ता के अनुसार, जिन कार्यों को लेकर सवाल उठाए जा रहे हैं, उनमें से कुछ कार्य संबंधित व्यक्ति द्वारा स्वयं एसडीएम चम्बा को शिकायत देकर बंद करवाए गए थे और वे पिछले करीब दो वर्षों से बंद पड़े हैं।
शिकायतकर्ता ने कहा है कि सोशल मीडिया पर किए जा रहे कथित प्रचार के कारण उनके परिवार को मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आरोप है कि इस तरह के प्रचार से घर-परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा प्रभावित हो रही है और परिवार के सदस्यों, विशेषकर बच्चों पर भी मानसिक दबाव पड़ रहा है।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि संबंधित व्यक्ति पिछले करीब 11 वर्षों से पंचायत की दुकानों पर कब्जे को लेकर विवाद में है। शिकायतकर्ता का कहना है कि इस मामले में भी उचित कार्रवाई की आवश्यकता है और पंचायत की दुकानों को नियमानुसार खाली करवाने की प्रक्रिया अमल में लाई जानी चाहिए।
शिकायतकर्ता ने प्रशासन से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए, सोशल मीडिया पर किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार की जांच की जाए तथा यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
शिकायत में प्रशासन से यह भी आग्रह किया गया है कि पंचायत प्रतिनिधियों एवं उनके परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी प्रकार के कथित अभियान पर रोक लगाने के लिए उचित कदम उठाए जाएं।
हिम दृष्टि न्यूज़ की टिप्पणी: प्रस्तुत समाचार शिकायत में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि समाचार प्रकाशन के समय नहीं हो सकी है। संबंधित व्यक्ति का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
Chamba, Chamba | Aug 18, 2026