अररिया, 18 नवंबर 2026
पलासी प्रखंड की 05 पंचायतों के 10 चिन्हित ग्रामों में उत्साहपूर्वक मनाया गया जनजातीय गौरव दिवस-2026
भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती के अवसर पर आज जिले के पलासी प्रखंड अंतर्गत विभिन्न पंचायतों में ‘जनजातीय गौरव दिवस-2026’ का आयोजन हर्षोल्लास एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में किया गया। इस अवसर पर जनजातीय समुदाय के परिवारों को विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं से जोड़कर उन्हें लाभान्वित करने के उद्देश्य से विशेष पहल की गई।
कार्यक्रम का आयोजन धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान (DAJGUA) के अंतर्गत पलासी प्रखंड की 05 पंचायतों के 10 चिन्हित ग्रामों में संचालित ‘आदि सेवा केंद्रों’ के माध्यम से किया गया। इन केंद्रों पर जनजातीय परिवारों को केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही, पात्र लाभुकों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराने हेतु आवश्यक कार्रवाई की गई।
कार्यक्रम के सफल, सुचारू एवं प्रभावी संचालन तथा अनुश्रवण सुनिश्चित करने के लिए पलासी प्रखंड के सभी 10 आदि सेवा केंद्रों पर प्रखंड स्तरीय वरीय पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई थी। प्रतिनियुक्त अधिकारियों की सतत निगरानी एवं देखरेख में कार्यक्रम का संचालन पारदर्शी, व्यवस्थित एवं सुगम तरीके से संपन्न हुआ।
जिला कल्याण पदाधिकारी, अररिया के निर्देशानुसार सभी संबंधित अधिकारियों एवं प्रखंड कल्याण पदाधिकारी, पलासी द्वारा पूर्व से ही आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं। बेहतर आपसी समन्वय, सुव्यवस्थित कार्ययोजना एवं अधिकारियों की सक्रिय सहभागिता के फलस्वरूप कार्यक्रम का क्रियान्वयन अत्यंत प्रभावी रहा। इस दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय जनजातीय परिवारों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर उनका लाभ उठाने में रुचि दिखाई।
उल्लेखनीय है कि जनजातीय कार्य मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा मूल रूप से जनजातीय गौरव दिवस का आयोजन 15 नवंबर 2026 को निर्धारित किया गया था। किंतु बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ के मद्देनजर कार्यक्रम की तिथि में संशोधन करते हुए इसे 18 नवंबर 2026 को आयोजित किया गया।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य भगवान बिरसा मुंडा के अद्वितीय योगदान एवं संघर्षपूर्ण जीवन को स्मरण करने के साथ-साथ जनजातीय समुदाय के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक सशक्तीकरण को बढ़ावा देना तथा उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
जिला प्रशासन अररिया
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
#JanjatiyaGauravDiwas
#JJGD2026
#DhartiAabaBirsaMunda
#GauravSeBhavishyaTak
25 views | Araria, Bihar | Nov 18, 2026