गदरपुर CHC को खुद वेंटिलेटर की जरूरत! अस्पताल की बदहाल व्यवस्था पर भड़कीं शिल्पी अरोरा
गदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाली का शिल्पी अरोरा ने किया खुलासा, डॉक्टरों की कमी से लेकर गंदगी और खराब उपकरणों पर उठाए सवाल।
उत्तराखंड में स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। गदरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की बदहाल व्यवस्थाओं को लेकर ऑल इंडिया महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव एवं AICC की राष्ट्रीय प्रवक्ता शिल्पी अरोरा ने मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को मीडिया कर्मियों के साथ अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचीं शिल्पी अरोरा को अस्पताल में डॉक्टरों की कमी, गंदगी, जरूरी मेडिकल सामग्री का अभाव और खराब पड़े उपकरण देखने को मिले। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि गदरपुर CHC को मरीजों का इलाज करने से पहले खुद वेंटिलेटर की जरूरत है।
निरीक्षण के दौरान शिल्पी अरोरा ने बताया कि मानकों के अनुसार अस्पताल में कम से कम आठ डॉक्टर होने चाहिए, लेकिन मौके पर केवल दो डॉक्टर ही मिले। वहीं बाल रोग विशेषज्ञ को अस्पताल का इंचार्ज बनाए जाने और पूर्णकालिक चिकित्सा प्रभारी नहीं होने पर भी उन्होंने सवाल उठाए।
अस्पताल की सफाई व्यवस्था भी सवालों के घेरे में रही। करीब 20 हजार वर्ग फीट में फैले अस्पताल में सफाई के लिए केवल एक फुल टाइम और एक पार्ट टाइम कर्मचारी होने की बात सामने आई। परिसर में धूल-मिट्टी और गंदगी के ढेर मिले। इतना ही नहीं, सैनिटाइजर और स्पिरिट जैसी जरूरी सामग्री का भी अभाव बताया गया।
शिल्पी अरोरा ने एक्स-रे कक्ष की स्थिति पर भी नाराजगी जताई। उनके मुताबिक मरीजों के लिए साफ गाउन उपलब्ध नहीं था और खून से सना गंदा गाउन मिला। स्ट्रेचर पर मिट्टी जमी थी और उस पर झाड़ू रखी हुई थी। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कई मेडिकल उपकरण मौजूद हैं, लेकिन टेक्नीशियन की कमी के चलते उनका इस्तेमाल नहीं हो पा रहा है।
(अस्पताल की बदहाल व्यवस्था, डॉक्टरों की कमी और सरकार की जवाबदेही को लेकर बयान)
शिल्पी अरोरा ने उत्तराखंड की पांच इंजन वाली सरकार पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री, सांसद, विधायक और चेयरमैन तक की सरकार होने का दावा किया जाता है, तो फिर गदरपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की ऐसी बदहाल स्थिति क्यों है?
शिल्पी अरोरा ने सरकार से अस्पताल में पर्याप्त डॉक्टरों की नियुक्ति, पूर्णकालिक चिकित्सा प्रभारी, सफाई कर्मचारियों की व्यवस्था, जरूरी मेडिकल सामग्री की उपलब्धता और खराब पड़े उपकरणों को तत्काल चालू कराने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द सुधार नहीं हुआ तो वह अपनी टीम के साथ अस्पताल में सफाई अभियान चलाएंगी और सैनिटाइजर व स्पिरिट जैसी सामग्री भी उपलब्ध कराएंगी।
अब देखना होगा कि अस्पताल की बदहाली पर उठे इन सवालों के बाद स्वास्थ्य विभाग और सरकार क्या कदम उठाते हैं।
रिपोर्ट: रक्षपाल सिंह
R News Uttarakhand — आपकी आवाज़, आपकी खबर।
Bajpur, Udham Singh Nagar | Nov 23, 2026