डिंडौरी भाजपा कार्यालय में PHE मंत्री संपतिया उइके की प्रेसवार्ता
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान, स्वच्छता एवं सेवा गतिविधियों के जरिए आमजन तक पहुंचेंगे कार्यकर्ता
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। इसी सिलसिले में डिंडौरी स्थित भाजपा जिला कार्यालय में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की मंत्री संपतिया उइके ने प्रेसवार्ता कर अभियान की रूपरेखा की जानकारी दी।
मंत्री ने बताया कि सेवा संकल्प अभियान के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा स्वच्छता अभियान सहित विभिन्न सेवा एवं जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इन कार्यक्रमों के माध्यम से आमजन तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और सेवाओं की जानकारी पहुंचाने तथा लोगों को योजनाओं का लाभ दिलाने का प्रयास किया जाएगा।
जल जीवन मिशन को लेकर उठे सवाल
प्रेसवार्ता के दौरान मंत्री से जिले में जल जीवन मिशन और जल मिशन की योजनाओं का लाभ कई स्थानों पर सुचारू रूप से नहीं पहुंचने को लेकर सवाल किया गया। इस पर मंत्री संपतिया उइके ने कहा कि जिले में कई स्थानों पर बांध निर्माण प्रस्तावित है, लेकिन आमजन के विरोध के चलते कुछ स्थानों पर निर्माण कार्य अभी शुरू नहीं हो सका है।
उन्होंने बताया कि जिले में कई स्थानों पर बांध निर्माण कार्य स्वीकृत हैं। इन्हीं परियोजनाओं से जल निगम के माध्यम से लोगों के घरों तक पानी पहुंचाने का प्रस्ताव रखा गया है। मंत्री के अनुसार, बांध निर्माण और जल निगम की योजनाओं के माध्यम से पेयजल आपूर्ति को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जाना प्रस्तावित है।
अब देखना होगा कि जिन क्षेत्रों में जल जीवन मिशन की व्यवस्था वर्तमान में सुचारू नहीं है, वहां लोगों को नियमित पेयजल सुविधा कब तक उपलब्ध हो पाती है। वहीं, प्रस्तावित बांधों को लेकर स्थानीय स्तर पर विरोध की स्थिति के बीच सरकार के सामने विकास और जनसहमति के बीच संतुलन बनाने की चुनौती भी बनी हुई है।
#Dindori #SampatiyaUikey #SevaSankalpAbhiyan #JalJeevanMission #MadhyaPradesh Part 4