24 घंटे में पुलिस का बड़ा प्रहार: बाइक चोर गिरोह का भंडाफोड़, चार अपाचे समेत दो मोबाइल बरामद, दो चोर गिरफ्तार
गया। गया जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए गया पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। डेल्हा थाना क्षेत्र में सक्रिय एक संगठित वाहन चोर गिरोह का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर पर्दाफाश कर दिया। इस कार्रवाई में पुलिस ने चोरी की चार अपाचे मोटरसाइकिल और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जबकि 2 आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी जारी है। पूरे मामले का खुलासा डेल्हा थाना अध्यक्ष ने रविवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में किया।
जानकारी के अनुसार, गत गुरुवार को आरपीएफ बैरक खरखुरा के पास से एक काले रंग की अपाचे मोटरसाइकिल चोरी हो गई थी। घटना के बाद डेल्हा थाना में कांड संख्या 172/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक (सदर-2) धर्मेंद्र भारती के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर चोरी की गई बाइक का पता लगा लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने बोधगया थाना क्षेत्र के दोमुहान के पास से चोरी की गई मोटरसाइकिल के साथ रविराज कुमार नामक युवक को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने गिरोह से जुड़े कई अहम राज खोले। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने बोधगया क्षेत्र में छापेमारी कर एक अन्य चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की।
इसके बाद पुलिस टीम ने डेल्हा थाना क्षेत्र के खरखुरा तरवना इलाके में कार्रवाई करते हुए गौरव मांझी के पास से सफेद रंग की अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की। ।
वहीं आगे की छापेमारी में लड्डू उर्फ लक्की के घर से एक और सफेद अपाचे बाइक बरामद की गई। हालांकि पुलिस के पहुंचने की सूचना मिलते ही लड्डू मौके से फरार हो गया। उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि यह गिरोह डेल्हा, कोतवाली, सिविल लाइंस, रामपुर और बोधगया थाना क्षेत्रों में सक्रिय था। गिरोह के सदस्य भीड़भाड़ और सुनसान स्थानों पर खड़ी मोटरसाइकिलों को निशाना बनाकर चोरी करते थे। चोरी के बाद वाहनों को कम कीमत पर शराब कारोबारियों और अन्य लोगों को बेच दिया जाता था। गिरोह की गतिविधियों के कई महत्वपूर्ण सुराग पुलिस को सीसीटीवी फुटेज से भी मिले हैं, जिसके आधार पर अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है।
पुलिस ने इस कार्रवाई के दौरान चार अपाचे मोटरसाइकिलों के अलावा दो मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। थानाध्यक्ष का कहना है कि गिरफ्तार दोनों आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके आधार पर गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा कर सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
#गयाजी
#gaya
#gayajidham
#CrimeNews
#चोर
#biharpoltices