नेपाल में आई आकस्मिक फ्लैश फ्लड के कारण उत्पन्न विषम परिस्थितियों में काठमांडू में फंसे महाराष्ट्र के 106 तीर्थयात्रियों द्वारा महाराष्ट्र सरकार से संपर्क किया गया।
महाराष्ट्र सरकार द्वारा बिहार सरकार से समन्वय स्थापित किए जाने के उपरांत, दिनांक 28 अगस्त को बिहार सरकार के निर्देश एवं समन्वय में सीतामढ़ी जिला प्रशासन द्वारा त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी 106 तीर्थयात्रियों को नेपाल सीमा से सुरक्षित सीतामढ़ी लाया गया।
सीतामढ़ी जिला प्रशासन की टीम द्वारा तीर्थयात्रियों को सुरक्षित रूप से एस्कॉर्ट करते हुए सीतामढ़ी लाया गया। इस दौरान जिला प्रशासन द्वारा तीर्थयात्रियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए भोजन एवं पेयजल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई।
सभी तीर्थयात्रियों को आवश्यक सहयोग एवं सुरक्षा प्रदान करते हुए सकुशल महाराष्ट्र के लिए रवाना किया जा रहा है। सुरक्षित वापसी पर तीर्थयात्रियों ने सीतामढ़ी जिला प्रशासन एवं बिहार सरकार द्वारा प्रदर्शित तत्परता, संवेदनशीलता तथा प्रभावी राहत एवं बचाव प्रयासों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
उक्त राहत एवं बचाव अभियान में बिहार सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा प्रदर्शित त्वरित कार्रवाई, प्रभावी अंतर-राज्यीय समन्वय तथा मानवीय दृष्टिकोण की विदेश मंत्रालय (MEA) एवं गृह मंत्रालय (MHA) द्वारा भी सराहना की गई। यह अभियान विभिन्न स्तरों पर स्थापित प्रभावी समन्वय, त्वरित निर्णय एवं संवेदनशील प्रशासनिक कार्रवाई का उल्लेखनीय उदाहरण रहा।