मिड-डे मील की गुणवत्ता को लेकर वायरल वीडियो पर कार्रवाई, प्रधानाध्यापक और सहायक अध्यापक निलंबित
हरदोई। टड़ियावां विकासखंड के प्राथमिक विद्यालय कोटरा में छात्राओं द्वारा गुणवत्ताविहीन मध्यान्ह भोजन ग्रहण किए जाने का वीडियो वायरल होने के मामले में शिक्षा विभाग ने कार्रवाई की है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी प्रभात मिश्र ने विद्यालय का निरीक्षण कर मामले की जांच की। जांच के बाद प्रधानाध्यापक राजेश कुमार और सहायक अध्यापक विनोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी के अनुसार 11 अगस्त को विद्यालय का निरीक्षण किया गया। विद्यालय में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार, सहायक अध्यापक विनोद कुमार और शिक्षा मित्र सत्येंद्र कुमार व संतराम पाल कार्यरत हैं। विद्यालय में कुल 232 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं। निरीक्षण के दौरान दोनों अध्यापक, रसोइयां, विद्यालय प्रबंध समिति की अध्यक्ष और छात्र-छात्राएं मौजूद मिले। सभी से वायरल वीडियो के संबंध में पूछताछ की गई।
जांच के दौरान विद्यालय स्टाफ के बयानों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सामने आया कि कुछ छात्राओं ने बताया कि उन्हें बुलाकर वीडियो बनाया गया था। विभागीय जांच में प्रधानाध्यापक राजेश कुमार और सहायक अध्यापक विनोद कुमार के बीच विवाद होने की बात भी सामने आई। विभाग ने दोनों अध्यापकों के कृत्य को कर्मचारी आचरण नियमावली 1956 के विपरीत माना।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में दिव्यांग बच्चों के लिए बनाए गए शौचालय की साफ-सफाई भी संतोषजनक नहीं मिली। विभाग के अनुसार इससे बच्चों के बीमार होने की आशंका बनी हुई है। वहीं छात्राओं ने मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं होने की जानकारी दी।
बीएसए ने कहा कि दोनों अध्यापकों के कृत्य से विद्यालय का शैक्षिक एवं भौतिक वातावरण प्रभावित हो रहा था। इसी के दृष्टिगत दोनों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
इसके साथ ही विद्यालय की सभी रसोइयों को नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी गई है कि भविष्य में लापरवाही पाए जाने पर उनकी सेवाएं समाप्त कर दी जाएंगी। टड़ियावां के खंड शिक्षा अधिकारी और जिला समन्वयक एमडीएम को भी शिथिल पर्यवेक्षण के संबंध में नोटिस जारी किया गया है।
Bilgram, Hardoi | Aug 11, 2026