हरदोई: एनआरसी में सीलन और अव्यवस्थाओं पर सीडीओ ने जताई नाराजगी, 13 सीडीपीओ को नोटिस के निर्देश
हरदोई, 10 अगस्त 2026। मुख्य विकास अधिकारी हरदोई श्रीमती नेहा ब्याडवाल ने सोमवार को जिला महिला चिकित्सालय में स्थापित पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान केंद्र में 10 अतिकुपोषित बच्चे भर्ती मिले। सीडीओ ने बच्चों की माताओं से बातचीत कर उन्हें दिए जा रहे पोषाहार और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली।
सीडीओ ने एनआरसी प्रभारी डॉ. शिवम गुप्ता और डायटिशियन श्रीमती शालिनी मिश्रा से बच्चों को दिए जाने वाले पोषाहार की विस्तृत जानकारी ली। इसके बाद रसोईघर का निरीक्षण किया गया। रसोई में सीलन मिलने, रंगाई-पुताई न होने और एनआरसी के बाहर पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। सीडीओ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को एनआरसी प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान यह भी सामने आया कि एनआरसी में 13 ब्लॉकों के अतिकुपोषित बच्चों को भर्ती किया जाता है, जबकि ब्लॉक संडीला के बच्चे इसके अंतर्गत नहीं आते। इसके बावजूद पिछले दो माह में किसी भी संबंधित ब्लॉक की सीडीपीओ ने एनआरसी का भ्रमण नहीं किया। भर्ती बच्चों के संबंध में भी उनके स्तर से कोई फीडबैक या जानकारी नहीं ली गई।
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीडीओ ने सभी 13 सीडीपीओ को एनआरसी का भ्रमण न करने पर कारण बताओ नोटिस जारी कर कार्रवाई करने के निर्देश जिला कार्यक्रम अधिकारी को दिए।
निरीक्षण के दौरान सीएमएस डॉ. चन्द्र किशोर, एनआरसी प्रभारी डॉ. शिवम गुप्ता, जिला कार्यक्रम अधिकारी रामेन्द्र सिंह तथा खंड विकास अधिकारी सुरसा श्रीमती कविता अवस्थी मौजूद रहीं।
इसके बाद सीडीओ ने राजकीय बाल सम्प्रेक्षण गृह का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निरुद्ध बाल बंदियों के स्किल डेवलपमेंट के लिए संचालित विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी ली। पुस्तकालय, कंप्यूटर रूम, भोजनालय और क्रीड़ा स्थल का निरीक्षण करते हुए अधीक्षक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
संस्थान में संचालित बागवानी कार्य को सीडीओ ने सराहनीय बताया और इसके लिए अधीक्षक की प्रशंसा की। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी हरदोई संजय निगम, अधीक्षक राजकीय सम्प्रेक्षण गृह हरदोई सौरभ पाठक तथा बीडीओ सुरसा श्रीमती कविता अवस्थी मौजूद रहीं।
Bilgram, Hardoi | Aug 10, 2026