एक ही रात तीन घरों में चोरी, लाखों के जेवरात और नकदी ले गए चोर
हरदोई। मल्लावां थाना क्षेत्र के ग्राम बांसा में सोमवार रात चोरों ने एक के बाद एक तीन घरों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी कर ली। चोर घरों के पीछे की दीवार फांदकर अंदर दाखिल हुए और कमरों व बक्सों के ताले तोड़कर सामान समेट ले गए। एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना से ग्रामीणों में दहशत है।
ग्राम बांसा निवासी हेमराज पुत्र सरयू की ओर से पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार उनके पिता सरयू प्रसाद नए मकान में रहते हैं। सोमवार रात चोर घर के पीछे की दीवार फांदकर अंदर घुसे और कमरे का ताला तोड़ने के बाद बक्से का ताला तोड़ दिया। चोर बक्से में रखी एक जोड़ी पायल, कमरबिछुआ, मंगलसूत्र, सोने की झुमकी, अंगूठी, मांगटीका और हाथफूल समेत अन्य जेवरात चोरी कर ले गए। घटना के समय सरयू प्रसाद कमरे के बाहर सो रहे थे।
इसके बाद चोरों ने रामलली पत्नी ओमप्रकाश के घर को निशाना बनाया। तहरीर के मुताबिक यहां से करीब 20 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी, छह जोड़ी पायल, चांदी की तीन जोड़ी हाय और मंगलसूत्र समेत करीब पांच लाख रुपये कीमत के जेवरात चोरी किए गए। घटना के समय रामलली घर की छत पर सो रही थीं।
इसी रात चोरों ने सरयू प्रसाद की बहू उषा देवी के मकान में भी चोरी की। यहां से दो जोड़ी पायल, तीन अंगूठियां, सोने की चेन, 29 चांदी के सिक्के, दो कंगन, कान के झाले की एक जोड़ी और चांदी की कमरपेटी समेत अन्य सामान चोरी कर लिया गया।
एक ही रात तीन घरों में चोरी की घटना के बाद ग्रामीणों में पुलिस की रात्रि गश्त को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में इससे पहले भी कई घरों, दुकानों और अन्य प्रतिष्ठानों में चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। आरोप है कि कई पुरानी घटनाओं का अब तक खुलासा नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने पुलिस अधिकारियों से पूर्व में हुई चोरी की घटनाओं का शीघ्र खुलासा करने, बांसा में हुई तीनों चोरियों के आरोपियों की गिरफ्तारी और गांव में रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Bilgram, Hardoi | Aug 11, 2026