स्व सहायता समूह से जुड़कर महिलाएं हो रही सशक्त और आत्मनिर्भर – विधायक
...
चन्देरी, महेश्वरी साड़ी, तरुशिल्प शिल्प सहित विभिन्न उत्पाद उपलब्ध
....
विधायक ने देवी अहिल्याबाई बुनकर मेला का किया शुभारंभ
...
विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने जय स्तंभ चौक शहडोल में 14 अक्टूबर तक प्रारंभ हुआ देवी अहिल्याबाई बुनकर मेला का शुभारंभ भगवान गणेश जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर किया।
बुनकर मेला के शुभारंभ अवसर पर संबोधित करते हुए विधायक श्रीमती मनीषा सिंह ने कहा कि मध्य प्रदेश शासन द्वारा संचालित स्व सहायता समूहों से जुड़कर महिलाएं अपना व्यवसाय प्रारंभ कर आत्मनिर्भर बन रही हैं तथा समाज में अपनी अलग पहचान बना रही हैं।
उन्होंने कहा कि मेले में आए बुनकर, कारीगर और स्व सहायता समूह की महिलाएं बड़ी मेहनत और लगन के साथ विभिन्न उत्पाद तैयार करती हैं।
इस तरह के मेला आयोजनों से बुनकरों एवं कारीगरों का मनोबल बढ़ता है तथा उनकी आर्थिक स्थिति भी मजबूत होती है।
विधायक ने मेले में लगाए गए स्टालों का भी निरीक्षण कर उत्पादों की जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा, संयुक्त आयुक्त विकास श्री मुद्रिका सिंह सहित आजीविका मिशन के अन्य अधिकारी एवं स्व सहायता समूह की महिलाएं उपस्थित रहीं।
ज्ञात हो कि आयुक्त, हाथकरघा एवं हस्तशिल्प, मध्य प्रदेश शासन एवं मध्य प्रदेश आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में जय स्तंभ चौक शहडोल में देवी अहिल्याबाई बुनकर मेला 8 अक्टूबर से 14 अक्टूबर तक आयोजित किया जा रहा है।
मेले में रीवा, सीधी, शहडोल, उमरिया, उज्जैन सहित अन्य जिलों के स्व सहायता समूहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों के स्टॉल लगाए गए हैं।
आयोजित मेले में चन्देरी साड़ी एवं सूट्स, बटिक प्रिंट साड़ी एवं सूट्स, स्टोन ज्वेलरी, महेश्वरी साड़ी एवं सूट्स, ब्लॉक प्रिंट साड़ी, सूट्स एवं पर्दे, चमड़े के पर्स, बेल्ट, तरुशिल्प, कोसा साड़ी एवं ड्रेस मटेरियल, जरी-जरदोजी साड़ी एवं सूट्स तथा विभिन्न शिल्प सामग्री उपलब्ध है।
#शहडोल #shahdol
5 views | Shahdol, Madhya Pradesh | Oct 9, 2026