सूखी पिपरिया में करते की नोक पर लूट की घटना को अंजाम देने वाले 2 आरोपी गिरफ्तार, 8.50 लाख के जेवर व देशी कट्टा बरामद
एसपी आनंद कलादगी ने पुलिस कंट्रोल रूम में किया मामले का खुलासा
दमोह देहात थाना अंतर्गत नरसिंहगढ़ चौकी क्षेत्र के सूखी पिपरिया गांव में 4 जुलाई की रात हुई लाखों रुपये की लूट का पुलिस ने खुलासा कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 42 ग्राम सोना, 500 ग्राम चांदी के आभूषण, घटना में प्रयुक्त देशी कट्टा, धारदार कटर और मोटरसाइकिल सहित करीब 8.50 लाख रुपये का मशरूका बरामद किया गया है। मामले में दो अन्य नामजद आरोपी अभी फरार हैं, जबकि पूछताछ में वारदात में शामिल दो और लोगों की भूमिका सामने आई है, जिन पर डकैती की धाराएं बढ़ाई जाएंगी।
पुलिस के अनुसार, फरियादी विजय जैन के घर में चार बदमाश घुसकर परिवार को बंधक बनाते हुए मारपीट कर करीब 12.50 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण व नगदी लूट ले गए थे। घटना के बाद पुलिस अधीक्षक आनंद कलादगी ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित कर छह विशेष टीमें गठित कीं।
करीब 200 सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर शंकर यादव और राहुल अहिरवार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में दोनों ने वारदात स्वीकार कर ली। शंकर यादव पर पहले से चोरी और नकबजनी सहित 17 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
फरार आरोपियों दीपू उर्फ दीपक बंसल, रानू पटेल सहित 2 अन्य की तलाश जारी है। इस कार्रवाई में दमोह देहात थाना व नरसिंहगढ़ चौकी की पुलिस टीम की अहम भूमिका रही। वहीं मामले में आज रविवार शाम 5.30 मिनट पर एसपी आनंद कलादगी ने सीएसपी एच आर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, चौकी प्रभारी रोहित द्विवेदी सहित टीम की मौजूदगी में मामले का खुलासा कर मीडिया को जानकारी दी।
Damoh, Damoh | Jul 12, 2026