मधेपुरा में जन सुराज की बड़ी बैठक, MLC चुनाव की तैयारी तेज; रजनीश रंजन ने बेरोजगार स्नातकों के मुद्दे पर रखा एजेंडा
जिला कार्यालय में जुटे पदाधिकारी व कार्यकर्ता, रजनीश रंजन ने बेरोजगार स्नातकों के मुद्दों को बताया प्राथमिकता
मधेपुरा। आगामी कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी चुनाव को लेकर जन सुराज ने संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को जन सुराज के मधेपुरा जिला कार्यालय में महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जन सुराज के मधेपुरा जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने की। बैठक में कोसी स्नातक एमएलसी पद के जन सुराज प्रत्याशी रजनीश रंजन सहित राज्य, क्षेत्रीय, जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
बैठक में आगामी एमएलसी चुनाव की तैयारियों, संगठन को पंचायत एवं बूथ स्तर तक मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा स्नातक मतदाताओं से संपर्क बढ़ाने को लेकर विस्तार से मंथन किया गया। पदाधिकारियों ने कहा कि चुनावी तैयारी को प्रभावी बनाने के लिए संगठन के सभी स्तरों को सक्रिय करना जरूरी है। कार्यकर्ताओं से अपने-अपने क्षेत्र में लगातार संपर्क बनाए रखने और संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने पर जोर दिया गया।
बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना पहला संकल्प
बैठक के दौरान रजनीश रंजन ने अपने प्रमुख संकल्पों और मुद्दों को कार्यकर्ताओं के सामने रखा। उन्होंने कहा कि उनका पहला संकल्प बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ना है। उनके अनुसार बेरोजगार स्नातकों के लिए पांच लाख रुपये तक का ब्याजमुक्त ऋण/अनुदान उपलब्ध कराने की व्यवस्था लागू कराने के लिए मजबूती से आवाज उठाई जाएगी।
उन्होंने कहा कि शिक्षित बेरोजगार युवाओं को रोजगार की तलाश में दूसरे राज्यों में पलायन नहीं करना पड़े, इसके लिए स्थानीय स्तर पर स्वरोजगार के अवसर पैदा करने की आवश्यकता है। उन्होंने इसे अपने प्रमुख चुनावी मुद्दों में शामिल बताया।
‘एक पाठ्यक्रम, एक वेतनमान’ की बात
रजनीश रंजन ने अपने अन्य संकल्पों की चर्चा करते हुए ‘एक पाठ्यक्रम, एक वेतनमान’ लागू करने तथा वित्त रहित शिक्षा व्यवस्था को समाप्त करने की बात कही। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था से जुड़े विभिन्न वर्गों के हितों को ध्यान में रखते हुए ठोस पहल की जरूरत है।
उन्होंने सभी स्नातकों के लिए जीवन सुरक्षा बीमा तथा शिक्षकों, अधिवक्ताओं, पत्रकारों, संविदाकर्मियों एवं बेरोजगार स्नातकों के लिए कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराने की मांग को भी प्राथमिकता देने की बात कही।
अधिवक्ताओं और पुस्तकालय व्यवस्था का भी मुद्दा
बैठक में रजनीश रंजन ने न्यायिक व्यवस्था से जुड़े अधिवक्ताओं के लिए भी कई मुद्दे उठाए। उन्होंने सभी कोर्ट के वकीलों की आधारभूत संरचना को मजबूत करने तथा अधिवक्ताओं के लिए हेल्थ वेलनेस सेंटर स्थापित करने की आवश्यकता बताई।
उन्होंने कहा कि यदि वे चुनाव जीतकर विधान परिषद पहुंचते हैं, तो बिहार के डिग्रीधारी बेरोजगार रंगकर्मियों की समस्याओं को गंभीरता से उठाएंगे. उन्होंने कहा कि रंगमंच और नाट्यकला (रंगमंच) से जुड़े युवाओं ने विधिवत शिक्षा और प्रशिक्षण प्राप्त किया है, लेकिन रोजगार के पर्याप्त अवसर नहीं मिलने के कारण उन्हें कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि सदन में पहुंचने के बाद रंगकर्मियों के लिए रोजगार के अवसर सृजित करने, सरकारी संस्थानों में नाट्यकला से संबंधित पदों पर नियुक्ति तथा रंगमंच को शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने की मांग को प्रमुखता से उठाया जाएगा।
उन्होंने जिला मुख्यालय में सुसज्जित पुस्तकालय के विकास के साथ-साथ अनुमंडल एवं प्रखंड स्तर पर पुस्तकालय और ई-लाइब्रेरी की स्थापना को भी अपने संकल्पों में शामिल बताया। इसके अलावा बेरोजगार स्नातकों के लिए मासिक भत्ता लागू कराने की मांग को प्रमुखता से उठाने की बात कही।
पंचायत और बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने पर जोर
बैठक में कार्यकर्ताओं ने संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का संकल्प लिया। पंचायत एवं बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं की सक्रियता बढ़ाने, मतदाताओं से निरंतर संपर्क बनाए रखने तथा संगठन के कार्यक्रमों को आम लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा हुई।
रजनीश रंजन ने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर चुनावी तैयारी में जुटने का आह्वान करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय से ही संभव है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से अपनी-अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन करते हुए स्नातक मतदाताओं के बीच लगातार संवाद स्थापित करने को कहा।
बैठक के अंत में जिलाध्यक्ष गजेंद्र यादव ने संगठन की आगामी गतिविधियों को तेज करने तथा कार्यकर्ताओं के बीच निरंतर संपर्क एवं समन्वय बनाए रखने पर जोर दिया। बैठक में क्षेत्रीय प्रभारी शशि कुमार यादव जिला मुख्य प्रवक्ता रंजीत कुमार सिंह, सुनील कुमार सुमन, मोहम्मद आफताब आलम, प्रिंस पुत्तू सुनील कुमार सिंह, महिला प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष मंजू सुमन, खुशबू कुमारी, डॉ. अंजना यादव सहित जिला एवं प्रखंड स्तर के पदाधिकारियों के साथ बड़ी संख्या में जन सुराज कार्यकर्ता मौजूद रहे।
बाइट - रजनीश रंजन, जनसुराज प्रत्याशी कोशी स्नातक
#Newskosisanchar11 #deshhitsamachar11 #reelsviralシ #saharsanow #ᴛʀᴇɴᴅɪɴɢᴘᴏsᴛ #CrimeNews #PoliticalNews #BreakingNews #BiharPolitics #patnabihar @highlight