प्रोबेशनरी आईएएस केतन शुक्ला ने किया जीविका कार्यालय का भ्रमण, विभिन्न आजीविका गतिविधियों की ली जानकारी
प्रोबेशनरी आईएएस श्री केतन शुक्ला ने आज जीविका कार्यालय, सहरसा का भ्रमण किया । इस अवसर पर जिला परियोजना प्रबंधक श्री श्लोक कुमार ने उन्हें पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया तथा जिले में जीविका के माध्यम से संचालित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी ।
भ्रमण के दौरान श्री शुक्ला ने जीविका द्वारा संचालित आजीविका संवर्धन कार्यक्रमों, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना, गैर-कृषि आधारित उद्यमों, दीदी की रसोई, जिला स्तरीय सिलाई केंद्र एवं अन्य सामुदायिक उद्यमों की प्रगति की जानकारी प्राप्त की । इसके साथ ही कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों पर भी विस्तार से चर्चा की गई । उन्हें बताया गया कि किस प्रकार जीविका के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं को कृषि, डेयरी, बकरी पालन, मुर्गी पालन एवं अन्य आयवर्धक गतिविधियों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाया जा रहा है ।
श्री शुक्ला ने समूह स्तर पर संचालित विभिन्न उद्यमों की कार्यप्रणाली, प्रबंधन व्यवस्था एवं उनके संचालन में आने वाली चुनौतियों को समझने का प्रयास किया । उन्होंने स्वयं सहायता समूहों एवं सामुदायिक संस्थाओं द्वारा संचालित गतिविधियों के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त की तथा उद्यम संचालन के दौरान आने वाली व्यावहारिक समस्याओं, वित्तीय आवश्यकताओं एवं विपणन संबंधी चुनौतियों पर चर्चा की । जिला परियोजना प्रबंधक श्री श्लोक कुमार ने बताया कि जीविका के माध्यम से जिले की हजारों महिलाएं स्वरोजगार एवं उद्यमिता से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हो रही हैं । मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना सहित विभिन्न आजीविका गतिविधियों के माध्यम से ग्रामीण महिलाओं की आय में वृद्धि हो रही है तथा उन्हें स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं ।
इस दौरान आगामी दिनों में क्षेत्र भ्रमण (फील्ड विजिट) की भी योजना है, जिसके तहत श्री केतन शुक्ला जीविका द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका इकाइयों, कृषि एवं पशुपालन आधारित गतिविधियों, सामुदायिक संस्थाओं तथा लाभार्थी दीदियों से सीधे संवाद स्थापित करेंगे और जमीनी स्तर पर कार्यक्रमों के प्रभाव का अवलोकन करेंगे ।
19 views | Samastipur, Bihar | Jun 22, 2026