समाहरणालय, कैमूर
जिला जनसंपर्क कार्यालय
प्रेस विज्ञप्ति
दुर्गापूजा एवं दशहरा को लेकर जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने की ब्रीफिंग, विधि-व्यवस्था संधारण एवं असामाजिक तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश
दुर्गापूजा एवं दशहरा के अवसर पर जिले में विधि-व्यवस्था संधारण, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में पर्व संपन्न कराने के उद्देश्य से आज लिच्छवी भवन, भभुआ में जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक, कैमूर द्वारा संयुक्त आदेश के आलोक में प्रतिनियुक्त सभी पदाधिकारियों की ब्रीफिंग की गई।
ब्रीफिंग के दौरान जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सभी वरीय पदाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र एवं प्रतिनियुक्ति स्थलों का भ्रमण कर विधि-व्यवस्था, सुरक्षा व्यवस्था तथा उपलब्ध बुनियादी सुविधाओं का जायजा लेने का निर्देश दिया। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारियों को अपने निर्धारित स्थलों पर उपस्थित रहकर सतत निगरानी रखने तथा आपसी समन्वय के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने को कहा गया।
पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों एवं अग्निशमन यंत्रों की उपलब्धता तथा क्रियाशीलता सुनिश्चित करने, प्रवेश एवं निकास मार्गों को व्यवस्थित रखने तथा भीड़-भाड़ वाले स्थलों पर प्रभावी भीड़ नियंत्रण की व्यवस्था करने पर विशेष बल दिया गया। संवेदनशील स्थलों, प्रमुख चौक-चौराहों एवं जुलूस मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने का निर्देश दिया गया।
डीजे संचालन पर प्रतिबंध के निर्देशों का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित कराने पर विशेष जोर दिया गया। प्रतिबंध का उल्लंघन कर डीजे बजाए जाने की स्थिति में नियमानुसार डीजे उपकरणों को जब्त करने तथा संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
दशहरा के अवसर पर मेले, रावण दहन स्थल एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने तथा असामाजिक तत्वों, नशे की हालत में उत्पात मचाने वाले व्यक्तियों एवं महिलाओं और युवतियों के साथ अभद्र व्यवहार करने वाले मनचलों पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया गया। ऐसे मामलों में त्वरित संज्ञान लेते हुए नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया। भीड़भाड़ वाले स्थलों पर पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा आवश्यकता के अनुसार अतिरिक्त बल की तैनाती करने पर भी बल दिया गया।
जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने संबंधित पदाधिकारियों को पूजा समितियों, पुलिस बल, दंडाधिकारियों एवं अन्य संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश दिया। पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग तथा आवश्यकता के अनुसार अग्निशमन एवं आपातकालीन सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया। किसी भी अप्रिय घटना की आशंका होने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने तथा स्थिति की सूचना वरीय पदाधिकारियों को देने का निर्देश दिया गया।
इसके अतिरिक्त, सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक एवं आपत्तिजनक सूचनाओं तथा अफवाहों पर सतत निगरानी रखने, उनकी सत्यता की जांच करने और आवश्यकतानुसार त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। आम नागरिकों एवं पूजा समितियों के साथ संवाद बनाए रखने तथा विधि-व्यवस्था से संबंधित शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति, सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं पुलिसकर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करेंगे, ताकि श्रद्धालु सुरक्षित वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें तथा दशहरा का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो।
जिला प्रशासन, कैमूर ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे दुर्गापूजा एवं दशहरा का पर्व आपसी सद्भाव, शांति एवं भाईचारे के साथ मनाएँ, प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या विधि-व्यवस्था से संबंधित समस्या की सूचना तत्काल संबंधित प्रशासनिक अथवा पुलिस पदाधिकारी को दें।
जिला प्रशासन, कैमूर शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में दुर्गापूजा एवं दशहरा संपन्न कराने हेतु प्रतिबद्ध है।
#kaimur #kaimurdm #DurgaPuja2026 #Dussehra2026 #LawAndOrder #PeaceAndHarmony
Information & Public Relations Department, Government of Bihar
5 views | Kaimur, Bihar | Oct 19, 2026