भभुआ में बैंककर्मियों ने अपनी मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया है।
यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) के बैनर तले शुक्रवार को कैमूर जिले के भभुआ स्थित भारतीय स्टेट बैंक (SBI) की PBB शाखा, कुबेर कॉम्प्लेक्स के बाहर बैंक अधिकारियों और कर्मचारियों ने एक दिवसीय देशव्यापी विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शनकारी बैंककर्मियों ने बताया कि पांच दिवसीय बैंकिंग (5-Day Banking) की मांग लंबे समय से की जा रही है। बैंक यूनियनों और भारतीय बैंक संघ (IBA) के बीच हुए वेतन समझौते में मार्च 2024 में ही इसे मंजूरी मिल चुकी है, लेकिन अब तक इसे लागू नहीं किया गया है। कर्मचारियों का कहना है कि सप्ताह में पांच दिन काम की व्यवस्था से बेहतर वर्क-लाइफ बैलेंस मिलेगा और उत्पादकता में सुधार होगा।
वहीं, परफॉर्मेंस लिंक्ड इंसेंटिव (PLI) के वितरण में उच्च अधिकारियों और निचले स्तर के कर्मचारियों के बीच किए जा रहे भेदभाव पर भी बैंककर्मियों ने सख्त नाराजगी जताई। SBIOA के कैमूर जिला सचिव आतिश कुमार ने कहा कि बैंकिंग व्यवस्था को चलाने में हर स्तर के कर्मचारी का योगदान है, इसलिए इंसेंटिव में सभी के साथ समान और न्यायसंगत व्यवहार होना चाहिए।
यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार और बैंक प्रबंधन ने जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा और अनिश्चितकालीन हड़ताल जैसा कड़ा कदम उठाया जाएगा।
Mohania, Kaimur | Sep 11, 2026