मोहर्रम को लेकर रोहतास प्रशासन अलर्ट, DM-SP ने बिक्रमगंज में किया फ्लैग मार्च
मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर रोहतास जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में आज गुरुवार को जिला पदाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा और पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बिक्रमगंज अनुमंडल क्षेत्र में संयुक्त रूप से फ्लैग मार्च किया। फ्लैग मार्च के माध्यम से लोगों से शांति, भाईचारे और आपसी सौहार्द के साथ मोहर्रम मनाने की अपील की गई। फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न प्रखंडों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा मोहर्रम जुलूस के निर्धारित मार्गों का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी एवं पुलिस बल की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने कहा कि सभी संबंधित अधिकारियों को चौबीसों घंटे अलर्ट रहने का निर्देश दिया गया है। वहीं पुलिस अधीक्षक रौशन कुमार ने बताया कि संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म की लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रशासन ने चेतावनी दी है कि अफवाह फैलाने, भ्रामक सूचना प्रसारित करने या सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फ्लैग मार्च में अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी समेत प्रशासन एवं पुलिस विभाग के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे।