प्रेस विज्ञप्ति
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जमुई
20 जून 2026
शीर्षक: मलयपुर में महिला आरक्षियों का भव्य दीक्षांत समारोह संपन्न। पुलिस उप महानिरीक्षक मुंगेर ने ली दीक्षांत परेड की सलामी, बोले— पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ करें कर्तव्यों का निर्वहन।”
जमुई: जिले के मलयपुर स्थित बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस बल (11वीं वाहिनी) के परेड ग्राउंड पर बुनियादी प्रशिक्षण प्राप्त महिला आरक्षियों के चतुर्थ बैच का भव्य दीक्षांत परेड समारोह आयोजित किया गया। इस गौरवमयी समारोह में कुल 581 नव-प्रशिक्षित महिला आरक्षियों ने विधि-व्यवस्था संधारण और जनसेवा की विधिवत शपथ ग्रहण कर बिहार पुलिस वाहिनी की मुख्यधारा में अपनी सेवा की शुरुआत की।
इस ऐतिहासिक दीक्षांत परेड समारोह में मुंगेर प्रक्षेत्र के पुलिस उप-महानिरीक्षक ने मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित होकर परेड की सलामी ली। इस अवसर पर जिला पदाधिकारी , पुलिस अधीक्षक एवं बिहार विशेष सशस्त्र पुलिस 11वीं वाहिनी के कमांडेंट सहित जिला व पुलिस प्रशासन के कई वरीय अधिकारी रूप से उपस्थित रहे।
समारोह के संबंध में आधिकारिक विवरण साझा करते हुए बताया गया कि इस दीक्षांत परेड में शामिल कुल 581 महिला जवानों में बेगूसराय जिला से सर्वाधिक 289, मुंगेर से 173 एवं बांका जिला से 119 महिला प्रशिक्षु शामिल हैं। परेड की मुख्य कमांडर पूजा एवं द्वितीय कमांडर किरण कुमारी के कुशल नेतृत्व में कुल 12 प्लाटूनों ने अत्यंत अनुशासित और गरिमापूर्ण मार्च पास्ट का प्रदर्शन किया। इसके उपरांत, नव-प्रशिक्षित जवानों द्वारा वीआईपी सुरक्षा, दंगा नियंत्रण, हथियार संचालन , फील्ड क्राफ्ट, अग्निशमन तथा आपातकालीन प्राथमिक उपचार का सजीव प्रदर्शन किया गया, जिसे उपस्थित अधिकारियों एवं आगंतुकों द्वारा अत्यंत सराहा गया।
उल्लेखनीय है कि मलयपुर स्थित इस प्रशिक्षण केंद्र से पास आउट होने वाला यह चतुर्थ बैच है। इन सभी जवानों को कुल 216 दिनों की अवधि में अत्यंत कड़ा एवं आधुनिक व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया है। देश में लागू नवीन आपराधिक कानूनों यथा—भारतीय न्याय संहिता , भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता एवं भारतीय साक्ष्य अधिनियम के विशेष पाठ्यकमों के साथ-साथ इन्हें कंप्यूटर संचालन, सोशल मीडिया प्रबंधन, वायरलेस तकनीक, यातायात प्रबंधन तथा पुलिस नियमावली के अंतर्गत कर्तव्यों, अनुशासन एवं संवेदनशील व्यवहार का गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया है।
समारोह को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि पुलिस उप-महानिरीक्षक मुंगेर ने सभी नव-नियुक्त आरक्षियों को बधाई देते हुए कहा कि राज्य सरकार महिला सशक्तिकरण और पुलिसिंग व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पूरी तरह संकल्पित है। इतनी बड़ी संख्या में मातृशक्ति का पुलिस बल में शामिल होना गर्व का विषय है, जिससे जिलों में विधि-व्यवस्था और संवेदनशील पुलिसिंग को एक नई ऊर्जा मिलेगी। उन्होंने आरक्षियों को पूरी निष्ठा, ईमानदारी और मानवीय मूल्यों के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की सीख दी। जमुई के जिला पदाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने भी नव-नियुक्त जवानों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके अभिभावकों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के अंतिम चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मुख्य एवं द्वितीय कमांडर, बाह्य व आंतरिक अनुदेशकों ब्यूटी कुमारी, धीरेंद्र कुमार, ज्योति प्रकाश, सावन कुमार व चुन्नू कुमार सहित आयोजन को सफल बनाने वाले पुलिस कर्मियों को मुख्य अतिथि एवं जिला पदाधिकारी द्वारा मेडल, स्मृति चिन्ह तथा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। वरीय पुलिस उप अधीक्षक ज्योति कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किए जाने के साथ यह भव्य दीक्षांत समारोह शांतिपूर्ण एवं उल्लासपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
24 views | Jamui, Bihar | Jun 20, 2026