कर्णप्रयाग में 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हत्या, आरोपी गिरफ्तार
चमोली के कर्णप्रयाग में 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर हुए विवाद में एक व्यक्ति की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी और मृतक खच्चरों से रेत-बजरी ढुलाई का काम करते थे। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल दो बांस के डंडे बरामद किए हैं।
घटना 15 अक्टूबर की शाम सेमी गांव की है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पोखरी मार्ग पर दो लोगों के बीच झगड़ा हुआ है और एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल है। मौके पर पहुंची पुलिस को सुमित कुमार, निवासी कीरतपुर, बिजनौर, उत्तर प्रदेश, पानी की टंकी के पास घायल मिला। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि सुमित कुमार और सुनील कुमार के बीच 10 हजार रुपये के लेन-देन को लेकर विवाद था। आरोप है कि शराब के नशे में सुनील ने सुमित के डेरे पर पहुंचकर बांस के डंडे से हमला किया। बीच-बचाव करने पहुंचे अशोक कुमार को भी आरोपी ने धमकाकर भगा दिया।
पुलिस ने आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की और उसे पोखरी रोड के पास से गिरफ्तार कर लिया। मौके से दो बांस के डंडे बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने कोतवाली कर्णप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है। 16 अक्टूबर को आरोपी को अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। पोस्टमार्टम और पंचायतनामा की कार्रवाई के बाद मृतक का शव परिजनों को सौंप दिया गया।
रिपोर्ट – सुरेन्द्र धनेत्रा, हिमवंत प्रदेश न्यूज़।
Dehradun, Dehradun | Oct 16, 2026