नशे में धुत चालक ने बाइक सवार को मारी टक्कर, वाहन समेत फरार, पुलिस ने पीछा कर दबोचा!!
मैक्स वाहन सीज, चालक गिरफ्तार, ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू!!
रुद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि क्षेत्र के विजयनगर में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मारकर फरार हुए मैक्स वाहन चालक को पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। चिकित्सकीय परीक्षण में चालक के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने वाहन को सीज कर चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार, मंगलवार शाम एक वाहन चालक द्वारा विजयनगर में तेज एवं लापरवाही से वाहन चलाते हुए बाइक सवार को टक्कर मारने और इसके बाद वाहन समेत मौके से फरार होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही कोतवाली अगस्त्यमुनि पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू की और हाईवे पेट्रोल वाहन के माध्यम से फरार वाहन का पीछा किया।
पुलिस टीम ने मैक्स वाहन संख्या UK 12 TA 0923 को रोककर चालक को हिरासत में लिया। चालक का चिकित्सकीय परीक्षण कराया गया, जिसमें उसके शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।
पुलिस ने आरोपी आशीष नेगी पुत्र विजयपाल सिंह नेगी, निवासी ग्राम जोला, पोस्ट बड़ेथ, थाना गुप्तकाशी, जिला रुद्रप्रयाग को मोटर वाहन अधिनियम की सुसंगत धाराओं में गिरफ्तार कर लिया। दुर्घटना में प्रयुक्त मैक्स वाहन को सीज कर दिया गया है। इसके साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस के निरस्तीकरण के लिए भी आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई से सड़क दुर्घटना के बाद फरार होने वाले चालक को कुछ ही समय में पकड़ लिया गया।