बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जिला प्रशासन की सतत निगरानी, क्षतिग्रस्त मकानों का सर्वे कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश
बाढ़ प्रभावितों को जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक द्वारा 100 राशन किट भी वितरित किए गए
जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक लगातार बाढ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर हर संभव कर रहे प्रयास
जनपद में लगातार हुई वर्षा के कारण विभिन्न क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न होने से कई आवासीय भवन प्रभावित एवं क्षतिग्रस्त हुए हैं। बाढ़ की स्थिति को देखते हुए जिलाधिकारी पुलकित गर्ग एवं पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार सिंह द्वारा बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का लगातार निरीक्षण एवं निगरानी की जा रही है तथा प्रभावित लोगों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपालों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में क्षतिग्रस्त एवं प्रभावित मकानों का सघन एवं त्वरित सर्वे कराकर रिपोर्ट तत्काल उपलब्ध कराई जाए, ताकि प्रभावित परिवारों को नियमानुसार अनुमन्य सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने सर्वे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतते हुए प्राथमिकता के आधार पर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्रों में विद्युत आपूर्ति को तत्काल बहाल कर दिया गया है तथा पेयजल आपूर्ति भी लगभग दोपहर 02 बजे तक सुचारु रूप से संचालित कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों को आवासीय स्तर पर अधिक कठिनाई हो रही है, वे प्रशासन द्वारा बनाए गए रैन बसेरों में आश्रय ले सकते हैं, जहां आवश्यक व्यवस्थाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
इस दौरान जिलाधिकारी द्वारा बाढ़ प्रभावित परिवारों को 100 राशन किट वितरित की गईं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बाढ़ प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का निरंतर आकलन करते हुए भोजन, पेयजल, राशन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए।
जिला प्रशासन द्वारा बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य प्राथमिकता के आधार पर संचालित किए जा रहे हैं। प्रशासन की ओर से जनपदवासियों से अपील की गई है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें तथा नदी, नालों एवं जलभराव वाले क्षेत्रों के आसपास अनावश्यक रूप से न जाएं।