पंचकूला पुलिस का पुराने मामलों में फरार आरोपियों पर भी शिकंजा, 3 साल से अधिक समय से फरार चोर गिरफ्तार, वारदात में प्रयोग बाइक बरामद कर भेजा जेल
पंचकूला/ 09 सितंबर: अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए पंचकूला पुलिस द्वारा चोरी व स्नैचिंग जैसी वारदातों में संलिप्त आरोपियों की लगातार धरपकड़ की जा रही है। पुलिस कमिश्नर आईपीएस पंकज नैन के निर्देशानुसार पुलिस द्वारा जहां हाल के दिनों में दर्ज मामलों में आरोपियों को गिरफ्तार किया जा रहा है, वहीं पुराने मामलों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों को भी तलाश कर कानून के शिकंजे में लाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत पंचकूला पुलिस ने चोरी के एक मामले में 3 साल से अधिक समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने बताया कि गत 6 अप्रैल, 2023 को मूल रूप से उत्तर प्रदेश निवासी तथा वर्तमान में पंचकूला के रायपुर रानी क्षेत्र में रह रहे एक युवक ने मौली चौकी में लोहे की प्लेटें चोरी होने की शिकायत दी थी। शिकायत पर कार्रवाई करते हुए थाना रायपुर रानी में चोरी की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया और आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
मामले में मौली चौकी पुलिस टीम ने चौकी प्रभारी रामकरण की अगुवाई में कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों साहिल और गुरसेवक को गिरफ्तार किया था। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई लोहे की प्लेटें भी बरामद कर ली थीं। मामले में एक अन्य आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम लगातार प्रयासरत थी।
पुलिस टीम ने अब कार्रवाई करते हुए मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी मोहित उर्फ काला, निवासी पंचकूला, उम्र 31 वर्ष को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी पेशे से ट्रक चालक है और वारदात के बाद लगातार पुलिस से बचता हुआ घूम रहा था। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर वारदात में प्रयोग की गई बाइक भी बरामद कर ली है। आरोपी को आज अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।