सोनो के स्टडी पॉइंट में पर्यावरण संवाद और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का भव्य आयोजन,
ग्रीन ओलंपियाड 6.0 कार्यक्रम के तहत सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने पर्यावरण संरक्षण के लिए लिया संकल्प, बांटे गए पौधे || Jamui Hunt Media
पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक जागरूकता को समर्पित प्रसिद्ध संस्था साइकिल यात्रा एक विचार, जमुई के बैनर तले जून के प्रथम सप्ताह को पर्यावरण जागरूकता सप्ताह के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में, ग्रीन ओलंपियाड 6.0 के तीसरे दिन सोनो प्रखंड के कटियारी रोड स्थित स्टडी पॉइंट कोचिंग संस्थान में एक भव्य एवं प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान सैकड़ों छात्र-छात्राओं की उपस्थिति रही। इस अवसर पर युवाओं को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाने के उद्देश्य से पर्यावरण संवाद का आयोजन किया गया, जिसके बाद पर्यावरण संरक्षण पर आधारित एक लिखित प्रश्नोत्तरी (क्विज) प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता में सोनो प्रखंड के दर्जनों गांवों से आए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। बच्चों ने प्रदूषण नियंत्रण, जल संरक्षण, वृक्षारोपण, और जैव विविधता जैसे अत्यंत महत्वपूर्ण विषयों पर पूछे गए सवालों के सटीक जवाब देकर अपनी उत्कृष्ट जानकारी और जागरूकता का शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के समापन सत्र में प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को उनकी हौसला-अफ़ज़ाई के लिए प्रमाण पत्र और एक-एक जीवित पौधा देकर सम्मानित किया गया। अंत में, उपस्थित सभी लोगों और छात्र-छात्राओं ने एक सुर में पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने और अधिक से अधिक पौधारोपण कर धरती को हरा-भरा बनाने का सामूहिक संकल्प लिया। इस अवसर पर समाजसेवी रंजीत कुमार, संस्थान के संचालक काजल सर, शिक्षक रंजीत सर ,मंच के सदस्य विवेक कुमार, शैलेश भारद्धाज, गोलु कुमार, हर्ष कुमार सिन्हा, राकेश कुमार, शिवम कुमार, सागर कुमार, सहित सैकड़ों छात्र छात्रा उपस्थित रहें।
Jamui, Jamui | Jun 3, 2026