मेघासिवनी में प्रस्फुटन समितियों का शक्ति संचय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण संपन्न
आंगनबाड़ी केंद्रों की एक्सपोजर विजिट कर बच्चों, किशोरियों एवं धात्री महिलाओं की स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की जानकारी ली
==============================
मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, जिला छिंदवाड़ा के निर्देशानुसार सेक्टर क्रमांक-1 की नवांकुर संस्था अनमोल सृजन बहुउद्देशीय शिक्षा एवं समाज उत्थान समिति, छिंदवाड़ा द्वारा मेघासिवनी स्थित आदर्श आंगनबाड़ी केंद्र में आज सेक्टर स्तरीय एक दिवसीय प्रस्फुटन समिति शक्ति संचय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण का उद्देश्य प्रस्फुटन समितियों की क्षमता बढ़ाना, सामाजिक गतिविधियों को व्यवस्थित करना तथा ग्रामीण विकास में जनभागीदारी को प्रोत्साहित करना था।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद, छिंदवाड़ा के जिला समन्वयक श्री अखिलेश जैन उपस्थित थे। उनके मार्गदर्शन में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर परामर्शदाता श्रीमती तृप्ति सिंह, श्री आशीष साहू, प्रस्फुटन समितियों के पदाधिकारी एवं सदस्य, नवांकुर सखियां, बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थी तथा अन्य स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान सभी प्रतिभागियों को अतिथियों के हस्ते सहभागिता प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
प्रशिक्षण के अंतर्गत नवांकुर संस्था, प्रस्फुटन समितियों तथा बीएसडब्ल्यू-एमएसडब्ल्यू के विद्यार्थियों को आंगनबाड़ी केंद्र की एक्सपोजर विजिट कराई गई। इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्र प्रभारी ने नन्हे बच्चों, किशोरियों एवं धात्री महिलाओं के लिए संचालित स्वास्थ्य संबंधी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। विद्यार्थियों ने फील्ड विजिट के माध्यम से ग्राम विकास की अवधारणा को समझा।
जिला समन्वयक श्री जैन ने प्रस्फुटन समितियों के कार्यों का व्यवस्थित रिकॉर्ड रखने, बैठकों की कार्यवाही लिखने, सामाजिक गतिविधियों एवं जनहितकारी कार्यक्रमों का दस्तावेजीकरण करने तथा आवश्यक अभिलेखों को नियमित रूप से संधारित करने की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि दस्तावेजीकरण प्रस्फुटन समितियों के कार्यों का महत्वपूर्ण हिस्सा है। इससे समितियों की गतिविधियों, कार्यों की प्रगति एवं सामाजिक योगदान का आकलन करने में मदद मिलती है। उन्होंने सदस्यों से जनभागीदारी बढ़ाने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
परामर्शदाता श्रीमती तृप्ति सिंह ने प्रतिभागियों को जल संरक्षण, पर्यावरण संरक्षण तथा जन अभियान परिषद द्वारा आयोजित शक्ति संचय क्षमता वर्धन प्रशिक्षण के उद्देश्यों से अवगत कराया। वहीं, परामर्शदाता श्री आशीष साहू ने प्रस्फुटन समितियों के दस्तावेजों, अभिलेखों के संधारण तथा गतिविधियों के संचालन की जानकारी प्रदान की।
कार्यक्रम की संयोजक एवं नवांकुर संस्था की वैष्णवी ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आत्मीय स्वागत किया। उन्होंने कहा कि ग्रामीण प्रस्फुटन समितियों के माध्यम से शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है। इसी उद्देश्य से समिति के सदस्यों को दस्तावेजीकरण, रिकॉर्ड संधारण एवं अन्य महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के अंत में नवांकुर संस्था के सदस्य ने आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर ग्राम विकास प्रस्फुटन समितियों के प्रतिनिधियों, सदस्यों एवं नवांकुर सखियों ने सहभागिता की।
#procwa #छिन्दवाड़ा
#JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh