बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और चौराहों पर चला पल्स पोलियो अभियान, एनसीसी कैडेट्स ने बच्चों को पिलाई 'दो बूंद जिंदगी की'
मुरैना/ राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के दूसरे और तीसरे दिन भी सिविल हॉस्पिटल जौरा की स्वास्थ्य टीमों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अभियान चलाते हुए अधिक से अधिक बच्चों तक पोलियो रोधी दवा पहुंचाई। अभियान का उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक पिलाकर "कोई भी बच्चा छूटने न पाए" के संकल्प को साकार करना रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पद्मेश उपाध्याय के निर्देशन तथा मुख्य खंड चिकित्सा अधिकारी, सिविल हॉस्पिटल जौरा डॉ. अनुभा माहेश्वरी के मार्गदर्शन में संचालित अभियान के दौरान ट्रांजिट टीमों ने बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, गुड़ मंडी, पगारा रोड, डाकघर चौराहा सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखी।
ट्रांजिट टीम सुपरवाइजर संदीप सेंगर के नेतृत्व में एनसीसी कैडेट्स ने भी अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाई। टीमों ने बसों और निजी वाहनों को रोककर यात्रा कर रहे 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों को "दो बूंद जिंदगी की" पिलाई। हाट-बाजारों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर भी टीमों ने पहुंचकर बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई।
स्वास्थ्य विभाग ने अभिभावकों से अपील की है कि यदि किसी कारणवश 0 से 5 वर्ष आयु का कोई बच्चा अभी तक पोलियो की खुराक से वंचित रह गया हो, तो उसे निकटतम स्वास्थ्य केंद्र या अभियान दल के माध्यम से अवश्य पोलियो की दवा पिलाएं।
#मुरैना #Morena #मंगलवार #NewsUpdate