पानीपत में शराब ठेके पर हथियारबंद बदमाशों का हमला:
40 हजार कैश और महंगी शराब लूटी
10-12 बदमाशों ने फरसे-डंडों से की तोड़फोड़, कारिंदों को पीटा; वारदात CCTV में कैद, जमानत पर छूटे युवक पर शक
पानीपत जिले के गांव भंडारी में मंगलवार देर रात शराब के ठेके पर 10 से 12 हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोल दिया। फरसे, लाठी-डंडों से लैस बदमाशों ने ठेके में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की, कर्मचारियों के साथ मारपीट की और गल्ले में रखे करीब 40 हजार रुपये नकद के साथ महंगी शराब की बोतलें लूटकर फरार हो गए। पूरी वारदात CCTV कैमरों में कैद हो गई, जिसका वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने हमला करने से पहले ठेका संचालक को खुली चुनौती दी थी। शुरुआती जांच के अनुसार, वारदात के पीछे पुरानी रंजिश और बदला लेने की आशंका जताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान बदमाशों ने ठेके के सेल्समैन पर डंडों से ताबड़तोड़ हमला किया और ठेके के अंदर रखा सामान भी क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।
जांच में हाल ही में जेल से जमानत पर बाहर आए एक युवक का नाम मुख्य आरोपी के रूप में सामने आया है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ठेके और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज कब्जे में ले ली है। अधिकारियों का कहना है कि वीडियो के आधार पर सभी आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही विशेष टीमें गठित कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।