CSP की गाड़ी फंसी तो दौड़े पुलिसकर्मी, आधे घंटे बाद खुला मेले का जाम
मुरैना। शहर के इंद्रा सरोवर पर शनिवार को आयोजित भुजरिया मेले में भारी भीड़ के चलते यातायात व्यवस्था चरमरा गई। बड़ोखर हनुमान मंदिर के पास हालात ऐसे बने कि व्यवस्थाओं का जायजा लेने पहुंची CSP दीपाली चंदोलिया की गाड़ी भी भीड़ में फंस गई। सड़क पर करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
बताया जा रहा है कि मेले में उमड़ी भारी भीड़ के कारण सड़क पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो गई थी। CSP की गाड़ी आगे नहीं बढ़ सकी। जाम खुलवाने के लिए चालक को कार से उतरकर खुद भीड़ हटाने का प्रयास करना पड़ा, लेकिन भीड़ अधिक होने के कारण रास्ता साफ नहीं हो सका।
इसके बाद ड्यूटी पर तैनात एक कांस्टेबल दौड़कर CSP की गाड़ी के पास पहुंचा। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर सड़क किनारे लगे हाथ-ठेला दुकानदारों को व्यवस्थित कराया और लोगों को हटाकर रास्ता साफ कराया। इसके बाद CSP की गाड़ी आगे निकल सकी और जाम में फंसे अन्य वाहन चालकों को भी राहत मिली।
भुजरिया मेले में सुरक्षा व्यवस्था के लिए रामनगर तिराहे से लेकर इंद्रा सरोवर तक पुलिस के चेकिंग पॉइंट लगाए गए थे। इसके बावजूद बड़ोखर हनुमान मंदिर के पास भारी भीड़ के चलते करीब आधे घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही।
#मुरैना #morena #पुलिस #ट्रैफिक #जाम #मेला