नाबार्ड ने युवाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
________________
ग्राम युवा शक्ति अभियान के तहत आईटीआई खरगोन में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
________________
युवाओं ने प्रस्तुत किए अपने व्यावसायिक विचार, चयनित युवाओं को मिलेगी मार्गदर्शन एवं सहायता
________________
खरगोन 21 नवंबर 2026। युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ाने तथा नए उद्यम स्थापित करने के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नाबार्ड द्वारा राष्ट्रव्यापी ग्राम युवा शक्ति अभियान 2026 के अंतर्गत आईटीआई खरगोन में उद्यमिता जागरूकता एवं मोबिलाइजेशन कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का उद्देश्य 15 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवाओं की पहचान कर जिले में स्वयं का उद्यम स्थापित करने के इच्छुक एवं सक्षम युवाओं की एक मजबूत श्रृंखला विकसित करना है। कार्यक्रम में लगभग 65 युवाओं ने सहभागिता की।
इस दौरान प्रतिभागियों को उद्यमिता के विभिन्न अवसरों, उद्यम संवर्धन के लिए उपलब्ध संस्थागत व्यवस्थाओं तथा उद्यम स्थापना एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने वाली विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी दी गई। युवाओं को बताया गया कि वे उपलब्ध योजनाओं एवं संस्थागत सहयोग का लाभ लेकर अपने व्यावसायिक विचारों को धरातल पर उतार सकते हैं।
कार्यक्रम में युवाओं के मार्गदर्शन एवं उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के लिए एसआरएलएम, आरसेटी, जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र (डीआईसी), पीएमएफएमई सेल तथा मध्य प्रदेश ग्रामीण बैंक के प्रतिनिधियों ने भी सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं ने उद्यम मूल्यांकन प्रपत्रों के माध्यम से अपने व्यावसायिक विचार प्रस्तुत किए। इन विचारों का मूल्यांकन किया जाएगा तथा चयनित युवाओं को अभियान के अगले चरण में उद्यम स्थापना एवं उसे आगे बढ़ाने के लिए मार्गदर्शन और आवश्यक हैंडहोल्डिंग सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। इससे युवाओं को स्वरोजगार अपनाने और आत्मनिर्भर बनने के नए अवसर मिल सकेंगे।
#JansamparkMP #khargone