आनंद अल्पविराम मोटिवेशन सत्र में विद्यार्थियों ने तय किए लक्ष्य
________________
तनाव मुक्त रहकर पढ़ाई करने और सकारात्मक सोच अपनाने का दिया संदेश
________________
विद्यार्थियों ने कक्षा 10वीं में शत-प्रतिशत उत्तीर्ण होने का लिया संकल्प
________________
खरगोन 21 नवंबर 2026। राज्य आनंद संस्थान द्वारा शासकीय हायर सेकंडरी स्कूल बड़गांव में कक्षा 10वीं के विद्यार्थियों के लिए आनंद अल्पविराम मोटिवेशन सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को तनाव मुक्त रहकर पढ़ाई करने, सकारात्मक सोच विकसित करने तथा जीवन में निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने अपने विचार साझा करते हुए बताया कि उन्हें छोटी-छोटी बातों पर क्रोध आता है तथा पढ़ाई को लेकर तनाव बना रहता है। इस पर राज्य आनंद संस्थान के जिला समन्वयक श्री के.बी. मंसारे ने विद्यार्थियों को समझाया कि संसाधनों की कमी को लेकर तनाव नहीं रखना चाहिए। आनंद संस्थान के अल्पविराम कार्यक्रम से जुड़कर आनंदमय जीवन जीने की कला सीखी जा सकती है। उन्होंने बताया कि प्रदेश के सांदीपनि विद्यालयों में आनंद सभा पाठ्यक्रम भी लागू किया गया है।
सत्र में शांत समय एवं ध्यान (मेडिटेशन) के माध्यम से विद्यार्थियों को तनाव मुक्त रहने के तरीके बताए गए। उन्होंने कहा कि जीवन को बोझ नहीं, बल्कि एक महोत्सव की तरह जीना चाहिए। कार्यक्रम में 30 सेकंड की ताली जैसी रोचक गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को हंसाया गया तथा आनंद की ओर सत्र के जरिए सकारात्मक जीवन दृष्टिकोण विकसित करने का प्रयास किया गया।
विद्यार्थियों को बताया गया कि अहंकार, नफरत, जलन, लालच और क्रोध जैसे भाव तनाव का कारण बनते हैं। इनसे बाहर निकलकर सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ना चाहिए और अपने जीवन के लक्ष्य निर्धारित करने चाहिए। पांच मिनट के शांत समय की गतिविधि के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वयं के भीतर आनंद का अनुभव किया।
कार्यक्रम के अंत में छात्र-छात्राओं ने पढ़ाई में नियमितता बनाए रखने, निर्धारित लक्ष्य हासिल करने और कक्षा 10वीं की परीक्षा में शत-प्रतिशत उत्तीर्ण होने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में प्राचार्य श्री संतोष दुबे, शिक्षक श्री रामेश्वर डावर, श्रीमती याशमीन खान, श्रीमती शांत्वना जोशी, श्री अश्विन यादव, श्री मुकेश राठौर एवं श्रीमती रीना चौहान का सहयोग रहा।
#JansamparkMP #khargone