#गुना - युवा शक्ति के संकल्प से विकसित भारत @2047 का सपना होगा साकार : केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया
युवाओं की ऊर्जा, ज्ञान और अनुशासन से देश को नई दिशा देने का आह्वान
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने शुक्रवार को क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय में आयोजित ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम में युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि भारत के विकास की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के कंधों पर है। उन्होंने युवाओं से अपनी क्षमता, ऊर्जा, विवेक, ज्ञान और अनुशासन का उपयोग राष्ट्र निर्माण एवं जनसेवा करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के नौजवान संकल्प के साथ आगे बढ़ते हुए विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
युवाओं की ऊर्जा और अनुशासन से प्रभावित हूं
केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि विश्वविद्यालय में युवाओं की क्षमता, ऊर्जा, विवेक, ज्ञान और अनुशासन देखकर वे प्रभावित हुए हैं। उन्होंने युवाओं को बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उन्हें गर्व है कि गुना, शिवपुरी और अशोकनगर का नौजवान आज संकल्प को सिद्धि तक पहुंचाने का कार्य कर रहा है।
उन्होंने कहा कि जीवन में तीन प्रमुख दाता होते हैं—जन्मदाता, अन्नदाता और ज्ञानदाता। देश का किसान अन्नदाता है, जो देश और प्रदेश ही नहीं बल्कि विश्व की जनता का पेट भरने में योगदान दे रहा है। वहीं ज्ञानदाता समाज और राष्ट्र को आगे बढ़ाने की दिशा देता है।
‘जनसेवा ही जीवन का लक्ष्य होना चाहिए’
युवा संवाद के दौरान छात्र महिपाल सिंह के सवाल पर जवाब देते हुए केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि जनसेवा ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए दूसरों की सेवा कर उनका प्यार और आशीर्वाद प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने युवाओं से कहा कि जीवन में जनसेवा को लक्ष्य बनाना चाहिए और समाज में दिखाई देने वाली गलत चीजों को सुधारने के लिए स्वयं आगे आकर कदम उठाने चाहिए। उन्होंने कहा कि राजनीति जनसेवा का एक माध्यम है। उन्होंने युवाओं के प्रति अपनी भावना व्यक्त करते हुए कहा कि उनका सपना है कि वे सभी के दिल में एक छोटा सा स्थान बना सकें।
दिव्यांग साथियों में असीम क्षमताएं
संवाद में दिव्यांग छात्र मुकुल अहरवाल ने दिव्यांग विद्यार्थियों के आगे बढ़ने और उनके लिए बेहतर अवसरों को लेकर सवाल किया। इस पर केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि ‘दिव्यांग’ का अर्थ यह नहीं है कि किसी व्यक्ति में क्षमताओं की कमी है। उन्होंने कहा कि ईश्वर ने दिव्यांगों को असीम शक्तियां दी हैं। कुछ कमी हो सकती है, लेकिन उसमें कई ऐसी खूबियां होती हैं, जो दूसरों से कहीं अधिक हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि अनेक दिव्यांग साथियों ने देश के लिए स्वर्ण पदक हासिल किए हैं।
डिजिटल डिवाइड को कम करने पर जोर
उमा धाकड़ ने ग्रामीण क्षेत्रों में डिजिटल मीडिया की पहुंच और उन्हें डिजिटल माध्यम से जोड़ने के संबंध में सवाल किया। इस पर श्री सिंधिया ने कहा कि शहरों में मिलने वाली कनेक्टिविटी अब छोटे ग्रामीण क्षेत्रों तक भी पहुंच रही है। उन्होंने भारत में 5जी तकनीक के तेजी से क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए डिजिटल कनेक्टिविटी को ग्रामीण अंचल में भी विकसित करने की बात कही।
3 डी मॉडल के जरिए दिखाई नई तकनीक की झलक
कार्यक्रम के दौरान केन्द्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शित विभिन्न 3 डी मॉडलों का अवलोकन किया। इनमें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, रोबोटिक्स, नई तकनीक, स्टार्टअप, मिसाइल तकनीक, यूपीआई ट्रांजेक्शन सहित विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे तकनीकी विकास को प्रदर्शित किया गया। उन्होंने युवाओं द्वारा तैयार किए गए मॉडलों एवं तकनीकी नवाचारों की जानकारी ली।
प्रधानमंत्री आवास के हितग्राहियों से भी किया संवाद
इसके बाद केंद्रीय मंत्री ने जगनपुर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों से संवाद किया। उन्होंने कहा कि यह नई पीढ़ी है और आने वाले भारत के विकास की जिम्मेदारी इन्हीं कंधों पर है। उन्होंने कहा कि गुना, शिवपुरी और अशोकनगर क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बनाए जा रहे बहुमंजिला आवास इस बात का उदाहरण हैं कि अब हर नागरिक को सम्मानजनक आवास उपलब्ध कराने की दिशा में काम हो रहा है। उन्होंने कहा कि इसके पीछे सोच यह है कि देश के प्रत्येक नागरिक को ऐसी क्षमता और अवसर प्रदान किए जाएं, जिससे वह देश के विकास और प्रगति में अपना योगदान दे सके। इसी सामूहिक सहभागिता से वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार किया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि सुंदर डिजाइन और आधुनिक सुविधाओं के साथ निर्मित ये आवास भारत के तेज गति से हो रहे विकास को दर्शाते हैं।
इस अवसर पर प्रदेश के खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग तथा गुना जिले के प्रभारी मंत्री श्री गोविन्द सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री अरविन्द्र धाकड़, उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका लुंबा, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता अरविन्द्र गुप्ता, उपाध्यक्ष श्री धरम सोनी, जिलाध्यक्ष श्री धर्मेन्द्र सिंह सिकरवार, सांसद प्रतिनिधि श्री हरिसिंह यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं कलेक्टर श्री किशोर कुमार कन्याल, पुलिस अधीक्षक श्रीमती हितिका वासल, सीईओ जिला पंचायत श्री अभिषेक दुबे सहित कॉलेज के विद्यार्थी उपस्थित थे।
#Guna CM Madhya Pradesh Dr Mohan Yadav Jyotiraditya M Scindia Krantivir Tatya Tope Vishwavidyalaya Department of Higher Education, Madhya Pradesh
67 views | Guna, Madhya Pradesh | Sep 18, 2026