छतरपुर में एक ही परिवार की 3 बच्चियों की संदिग्ध मौत, दफनाए गए शव जांच के लिए निकाले गए
9 माह की चाहत, 5 वर्षीय मनीषा और 9 वर्षीय पूनम की मौत से मचा हड़कंप; मातगांव थाना क्षेत्र के पिपुरा गांव में प्रशासन-पुलिस की टीम मौके पर
छतरपुर जिले के मातगांव थाना क्षेत्र के पिपुरा गांव में एक ही परिवार की तीन बच्चियों की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृत बच्चियों की पहचान 9 माह की चाहत, 5 वर्षीय मनीषा और 9 वर्षीय पूनम के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि परिजनों ने प्राथमिक उपचार के बाद तीनों बच्चियों के शवों को दफना दिया था। मामला सामने आने के बाद प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच के लिए शवों को बाहर निकलवाया जा रहा है।
परिजनों के मुताबिक, रात में परिवार ने आलू-बैंगन की सब्जी खाई थी। हालांकि, बच्चियों की मौत आखिर किस वजह से हुई, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल सका है। मौत की वास्तविक वजह पोस्टमार्टम और जांच रिपोर्ट के बाद ही सामने आने की उम्मीद है।
फिलहाल पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटे हैं।