प्रेस विज्ञप्ति
जिला जन संपर्क कार्यालय, जमुई।
6 जून 2026
शीर्षक: उर्दू भाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन योजना के तहत जमुई में जिला स्तरीय प्रतियोगिता संपन्न, विजेताओं को मिले नकद पुरस्कार और ट्रॉफी।
जमुई। उर्दू निदेशालय, मंत्रिमंडल सचिवालय विभाग के आदेशानुसार एवं जिला पदाधिकारी, जमुई के कुशल मार्गदर्शन में 'उर्दू भाषी विद्यार्थी प्रोत्साहन राज्य योजना' के अंतर्गत एक दिवसीय जिला स्तरीय वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन रावनेश्वर हॉल में किया गया। जिला उर्दू भाषा कोषांग, जमुई के तत्वाधान में आयोजित इस इस कार्यक्रम में जिले भर से जुटे विद्यार्थियों ने अपनी वाक्पटुता और वैचारिक क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ अनुमंडल पदाधिकारी जमुई श्री सौरव कुमार, जिला पंचायती राज पदाधिकारी श्री बिरेंद्र कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दया शंकर एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी श्री नितेश कुमार द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित अनुमंडल पदाधिकारी श्री सौरव कुमार ने अपने प्रेरक संबोधन में भाषा के आपसी सौहार्द और महिला सशक्तिकरण को विशेष रूप से रेखांकित किया। उन्होंने हिंदी और उर्दू के अंतर्संबंधों की चर्चा करते हुए कहा कि इन दोनों भाषाओं का आपसी रिश्ता कोई अलग-अलग धारा नहीं, बल्कि हमारी साझी संस्कृति का एक बेहद सुंदर संगम है। महिला शिक्षा की महत्ता पर बल देते हुए उन्होंने अत्यंत मार्मिक शब्दों में कहा कि एक पुरुष की शिक्षा केवल एक व्यक्ति की शिक्षा है, लेकिन जब एक महिला शिक्षित होती है तो वह पूरे परिवार और आने वाली पीढ़ी की शिक्षा होती है। उनके इस वक्तव्य ने हॉल में मौजूद सभी प्रबुद्ध जनों और विद्यार्थियों को गहराई से प्रभावित किया।
इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों और महाविद्यालयों से आए लगभग 100 छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह के साथ हिस्सा लिया, जिसमें से कुल 24 मेधावी बच्चों ने अपनी प्रतिभा के दम पर सफलता का परचम लहराया। प्रतियोगिता को मैट्रिक, इंटर और स्नातक नामक तीन स्तरों में विभाजित किया गया था, जिसमें प्रत्येक स्तर पर प्रथम श्रेणी में एक-एक, द्वितीय श्रेणी में तीन-तीन तथा तृतीय श्रेणी में चार-चार उम्मीदवारों को विजेता घोषित किया गया।
प्रशासन द्वारा विजेताओं के उत्साहवर्धन के लिए नकद राशि, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र की व्यवस्था की गई थी। इसके तहत स्नातक स्तर के प्रथम विजेता को 6500 रुपये, द्वितीय को 5500 रुपये और तृतीय को 4500 रुपये दिए गए। वहीं इंटर स्तर पर प्रथम स्थान पाने वाले को 5500 रुपये, द्वितीय को 4500 रुपये और तृतीय को 3500 रुपये की राशि सौंपी गई। मैट्रिक स्तर के विजेताओं में प्रथम श्रेणी को 4500 रुपये, द्वितीय को 3500 रुपये और तृतीय श्रेणी के विजेताओं को 2500 रुपये के साथ-साथ सम्मान सूचक ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
समारोह के समापन सत्र में जिला शिक्षा पदाधिकारी श्री दया शंकर एवं जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (शिक्षा) ने संयुक्त रूप से सभी सफल और विजेता छात्र-छात्राओं को मेडल, ट्रॉफी और प्रमाण-पत्र भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने बच्चों की इस प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी प्रतियोगिताएं नई पीढ़ी के भीतर छुपे आत्मविश्वास को जगाने और उनकी तार्किक क्षमता को निखारने का सबसे सशक्त माध्यम हैं। कार्यक्रम के अंत में जिला उर्दू भाषा कोषांग के पदाधिकारियों द्वारा उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया।
#jamuinews #jamui Information & Public Relations Department, Government of Bihar Bihar Education Department
25 views | Jamui, Bihar | Jun 6, 2026