जिलाधिकारी के निर्देश पर अवैध किराया वसूली के खिलाफ चला बड़ा जांच अभियान
अररिया बस स्टैंड सहित जिलेभर में परिवहन विभाग की सघन कार्रवाई
जिला पदाधिकारी, अररिया श्री विनोद दूहन के निर्देश के आलोक में यात्रियों से निर्धारित किराया से अधिक राशि वसूले जाने की शिकायतों पर जिला परिवहन पदाधिकारी के नेतृत्व में परिवहन विभाग द्वारा जिलेभर में विशेष जांच अभियान चलाया गया।
19 स्थानों पर जांच अभियान
लगभग 56 बसों की जांच
₹38,500 जुर्माना वसूला गया
जांच के दौरान बसों में पॉइंट-टू-पॉइंट निर्धारित किराया सारणी के प्रदर्शन की जांच की गई। परिवहन विभाग के अधिकारियों ने बसों में सफर कर रहे यात्रियों से भी सीधे पूछताछ कर यह जानकारी ली कि उनसे निर्धारित किराया ही लिया जा रहा है या अतिरिक्त राशि वसूली जा रही है।
बस स्टैंड के बुकिंग काउंटरों की भी जांच
विशेष अभियान के दौरान अररिया बस स्टैंड स्थित विभिन्न बसों के बुकिंग काउंटरों पर भी परिवहन विभाग के अधिकारियों ने जाकर जांच की। सभी बुकिंग काउंटर संचालकों को निर्देश दिया गया कि यात्रियों को निर्धारित किराया की स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराएं तथा सरकार द्वारा निर्धारित किराया से अधिक राशि किसी भी स्थिति में नहीं लें।
नियमों का उल्लंघन करने पर होगी कड़ी कार्रवाई
बस में निर्धारित किराया सारणी प्रदर्शित नहीं करने अथवा निर्धारित किराया से अधिक राशि वसूलने पर नियमानुसार जुर्माना एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। बार-बार नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों के विरुद्ध उपलब्ध प्रावधानों के तहत फिटनेस संबंधी कार्रवाई एवं वाहन जब्ती जैसी कठोर कार्रवाई भी की जा सकती है।
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों के हितों के साथ किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
बस संचालकों एवं बुकिंग काउंटर संचालकों से अपील:
सरकार द्वारा निर्धारित किराया का ही पालन करें और बस में निर्धारित किराया सारणी अनिवार्य रूप से प्रदर्शित करें।
Bahadurganj, Kishanganj | Aug 22, 2026