#Balrampur ! डिजिटल ठगों की खैर नहीं: सीओ सिटी ने छात्रों को दिए साइबर सुरक्षा के 'अचूक मंत्र'
मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में पुलिस की साइबर पाठशाला; फर्जी कॉल, ओटीपी और डिजिटल अरेस्ट से बचने के बताए तरीके
ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करने की दी सलाह, खाते की रकम होगी तुरंत फ्रीज
#बलरामपुर: डिजिटल युग में पैर पसार रहे साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए बलरामपुर पुलिस ने मोर्चा संभाल लिया है। बुधवार को पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन में मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में विशेष साइबर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। क्षेत्राधिकारी नगर (सीओ) अभिषेक सिंह ने साइबर थाना प्रभारी आर.पी. यादव और साइबर सेल की टीम के साथ छात्र-छात्राओं को साइबर सुरक्षा के गुर सिखाए।
'ना दें ओटीपी, ना स्कैन करें अनजान क्यूआर'
सीओ नगर ने छात्रों को डिजिटल अरेस्ट, फर्जी केवाईसी, ओटीपी फ्रॉड, यूपीआई और फर्जी लिंक के जरिए होने वाली ठगी से सचेत किया। उन्होंने दोटूक कहा कि बैंक, पुलिस या कोई भी सरकारी एजेंसी फोन पर कभी गोपनीय जानकारी नहीं मांगती। अनजान ऐप डाउनलोड करने या अज्ञात क्यूआर कोड स्कैन करने से बचें। सोशल मीडिया पर प्राइवेसी और टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन का इस्तेमाल जरूर करें।
1930 घुमाएं, ठगी का पैसा बचाएं
साइबर टीम ने जोर देकर कहा कि धोखाधड़ी होते ही बिना देर किए साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 या राष्ट्रीय साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि ठगी गई रकम को समय रहते फ्रीज कराया जा सके। कार्यक्रम के अंत में पुलिस ने विद्यार्थियों की शंकाओं का समाधान करते हुए उन्हें 'साइबर दूत' बनकर समाज को जागरूक करने के लिए प्रेरित किया।
#balrampur #balrampurpolice