स्कूल में भरा नाले का गंदा पानी, सड़क पर चटाई बिछाकर हो रही पढ़ाई
कोंच। विकास खंड कोंच के ग्राम पड़री स्थित उच्च प्राथमिक विद्यालय में नाले का गंदा पानी भर जाने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो गई। ऐसे में विद्यालय आने वाले विद्यार्थियों को सड़क पर चटाई बिछाकर पढ़ने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। विद्यालय परिसर में पानी भरने के कारण रसोई तक पहुंचना भी मुश्किल हो गया है।
स्कूल के बगल में तालाब बना हुआ है और तालाब से नाला भी निकला है। पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के बाद तालाब और नाला ओवरफ्लो हो गया, जिससे नाले का गंदा पानी विद्यालय परिसर में घुस गया। देखते ही देखते पूरा परिसर जलमग्न हो गया। विद्यालय में जलभराव के चलते विद्यार्थियों को कक्षा के बजाय सड़क पर चटाई बिछाकर पढ़ाया जा रहा है, इससे उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। साथ ही विद्यालय परिसर में गंदा पानी भरा होने से संक्रमण का खतरा भी बना हुआ है। शनिवार को विद्यालय में तैनात दो सहायक अध्यापिकाओं की गैरमौजूदगी को लेकर बताया गया कि वे उरई मुख्यालय पर आयोजित कार्यक्रम में गई हैं। प्रधानाध्यापक दिलीप कुमार ने बताया कि पिछले दो-तीन दिनों से विद्यालय में नाले का पानी भरा हुआ है। जलभराव के कारण बच्चों को बाहर सड़क पर पढ़ाना पड़ रहा है। एसडीएम अभिनव कुमार ने बताया कि जानकारी नहीं है। तत्काल बीडीओ को मौके पर भेजकर विद्यालय परिसर में भरे पानी की जल निकासी कराई जाएगी। साथ ही दोनों सहायक अध्यापिकाओं की उपस्थिति की जांच के लिए बीईओ को निर्देशित किया जाएगा।
Konch, Jalaun | Sep 5, 2026