सिद्धाश्रम पर भागवत कथा में सुनाया रुक्मणी विवाह प्रसंग
टोडाभीम करौली
ग्राम पंचायत नांगल पहाड़ी के गंभीर नदी तट स्थित सिद्धाश्रम पर संत श्री गोपाल दास महाराज उर्फ काला बाबा के संरक्षण में चल रही श्रीमद्भागवत कथा में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। कथा के दौरान कथावाचक सिमरन दास महाराज, पानी घाट, श्रीधाम वृंदावन ने भगवान श्रीकृष्ण और रुक्मणी विवाह का प्रसंग सुनाकर उपस्थित श्रोताओं को भावविभोर कर दिया।
कथावाचक ने रुक्मणी विवाह प्रसंग को बेहद सरस एवं मधुर भाषा में प्रस्तुत किया। कथा का प्रसंग सुनकर श्रद्धालु मंत्रमुग्ध हो गए। कथा के बीच प्रस्तुत किए गए भजनों पर महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य किया, जिससे पूरा कथा पंडाल भक्तिमय वातावरण से गूंज उठा।
भागवत कथा में नांगल पहाड़ी सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में धर्मप्रेमी श्रद्धालु पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्मलाभ ले रहे हैं। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न व्यवस्थाएं की गई हैं।
आयोजकों ने बताया कि 7 सितंबर को भागवत कथा की पूर्णाहुति एवं हवन का आयोजन किया जाएगा। वहीं 8 सितंबर को विशाल भंडारे एवं प्रसादी का आयोजन होगा। आयोजन को लेकर श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह बना हुआ है।
Balghat, Karauli | Sep 6, 2026